कोरोना को मात देने वाली 102 साल की सायरा बेगम
- फोटो : amar ujala
मेरठ में कोरोना को मात देने वाली 102 साल की सायरा बेगम के स्वस्थ होने पर परिजन खुशी मना रहे थे। वहीं, शुक्रवार रात वह हार्टअटैक के चलते जिंदगी से हार गईं। उनकी मौत से परिजन सदमे में हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय बहरीन निवासी सायरा बेगम (102) पत्नी मरहूम नवाब खान को दस दिन पहले कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके चलते उन्हें मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया। यहां वह अपने व्यवहार के चलते चिकित्सकों, कर्मचारियों और मरीजों में काफी घुलमिल गई थीं।
उन्हें स्वस्थ होने पर बृहस्पतिवार को उन्हें छुट्टी मिल गई थी। कोरोना को मात देने पर चिकित्सकों एवं शहर विधायक रफीक अंसारी ने उनका जोरदार स्वागत किया था। इससे वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों को भी बल मिला था। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने भी उनकी हौसला अफजाई की। घर आने पर सायरा बेगम को किसी तरह की परेशानी नहीं थी परंतु शुक्रवार रात अचानक हार्टअटैक आ गया। जिससे उनकी मौत हो गई।
सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि परिजन उन्हें चिकित्सक के पास भी नहीं ले जा सके। सायरा बेगम अपनी अविवाहित पुत्री शबाना के साथ ही रहती थी। उनके सात बेटे हैं। वे सभी अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं।
उनके पति नवाब खान डीएम के अर्दली हुआ करते थे। उन्हीं की पेंशन पर मां बेटी का गुजर बसर कर रही थीं। सायरा बेगम की मौत का सदमा उनकी बेटी को ज्यादा लगा है। उन्होंने अपनी मां की सेवा करने के लिए शादी भी नहीं की।