कांवड़ लेने के लिए जा रहे पानीपत के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा शहर की सदर कोतवाली क्षेत्र के मल्हीपुर रोड पर जंधेड़ी गांव की पुलिया के पास हुआ। यह घटना उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में हुई है।
रविवार को हरियाणा के जिला पानीपत के ग्राम जलमाना निवासी सुनील (30) पुत्र धर्म सिंह तथा मोहित (27) पुत्र मदन बाइक द्वारा साढ़ौली हरिया गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। जहां से अपने रिश्तेदार के साथ कांवड़ लेने के लिए जाना था। जब वे मल्हीपुर रोड पर जंधेड़ी की पुलिया के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम और बाइक दोनों बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया और परिजनों को सूचना दी। डीसीएम चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस आरोपी को तलाश करने का प्रयास कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/