सहारनपुर में फैली जातीय हिंसा अभी खत्म भी नहीं हुई कि एक बार फिर से कुछ खुरापातियों ने जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। असामाजिक तत्व रविदास मंदिर में लगे शिवलिंग को उखाड़कर ले गए।
सहारनपुर में एक बार फिर खुरापातियों ने जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। ग्राम संभालका जुनारदार में असामाजिक तत्व रविदास मंदिर में लगे शिवलिंग को जड़ से उखाड़कर ले गए। सुबह पूजा करने के लिए लोग पहुंचे तो वहां शिवलिंग नहीं मिलने पर हंगामा मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत ही मंदिर कमेटी से शिवलिंग मंगवाकर स्थापित कराते हुए मामले को शांत कराया।
ग्राम संभालका जुनारदार स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर परिसर में ही भगवान शिव का मंदिर है, जिसमें शिवलिंग स्थापित था। शनिवार की रात को असामाजिक तत्वों ने मंदिर से शिवलिंग उखाड़ते हुए गायब कर दिया। माना जा रहा है कि वे शिवलिंग साथ ले गए।
रविवार सुबह लोग मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे। वहां शिवलिंग न देखकर हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में पूरे गांव में खुरापातियों द्वारा शिवलिंग उखाड़ ले जाने की जानकारी पहुंच गई। जिससे मंदिर में भीड़ लग गई और हंगामा शुरू हो गया।