सहारनपुर जहरीली शराब कांड की तीन दिन तक चली जांच के बाद एसआईटी प्रमुख एडीजी रेलवे संजय सिंघल गुरुवार रात लखनऊ के लिए रवाना हो गए। तीन दिन में एक दर्जन गांवों के लोगों के बयान दर्ज करने के बाद तैयार की गई रिपोर्ट को एसआईटी प्रमुख अगले सप्ताह तक शासन को सौंपेंगे।
जहरीली शराब पीने से हुईं 80 से अधिक लोगों की मौतों की जांच के लिए शासन द्वारा रेलवे एडीजी संजय सिंघल की अध्यक्षता में गठित एसआईटी ने 12 फरवरी को अपनी जांच शुरू की थी। टीम में शामिल मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी और आईजी शरद सचान के साथ एडीजी संजय सिंघल ने पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों, मेडिकल अफसरों से लेकर पुलिस कर्मियों, थानाध्यक्षों तक से पूछताछ की। साथ ही गांव-गांव जाकर मृतकों के परिजनों, शराब पीकर बीमार होने वाले लोगों से, अस्पताल में भर्ती मरीजों से, ग्राम प्रधानों एवं गांव के प्रमुख लोगों से बयान दर्ज किए थे। तीन दिन तक चली जांच में एसआईटी ने लगभग एक दर्जन गांवों के लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। शराब बनने से लेकर पीने तक के बारे में जानकारी की गई।