सहारनपुर में कोतवाली बेहट पुलिस के साथ नगला झंड़ा गांव पहुंची हरियाणा के जिला करनाल की सीआईए-टू टीम के साथ महिलाओं ने हाथापाई कर लूट के आरोपी को छुड़ा लिया। बाद में बेहट पुलिस ने गांव के जिम्मेदार लोगों से बात कर छुड़ाए गए आरोपी को वापस कब्जे में लिया।
गुरुवार रात हरियाणा के करनाल की सीआईए-टू टीम ने लूट के मामले में वांछित चल रहे कोतवाली बेहट क्षेत्र के खिड़का भटकव्वा गांव निवासी एक आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। टीम उसे लेकर बेहट कोतवाली पहुंची और यहां से पुलिस को साथ लेकर गिरफ्तार किए गए आरोपी की निशानदेही पर उसके रिश्तेदार दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए नगला झंड़ा गांव पहुंची। यहां महिलाओं ने बेहट पुलिस और सीआईए की टीम को घेर लिया और उनके साथ हाथापाई करते हुए गिरफ्तार किए आरोपी को हथकड़ी समेत छुड़ा लिया। हंगामा बढ़ते देख बेहट और सीआईए की टीम बेहट कोतवाली लौट आई। बाद में बेहट पुलिस ने गांव के जिम्मेदार लोगों से छुड़ाए गए आरोपी को वापस दिए जाने के संबंध में बात की। तड़के करीब पांच बजे जिम्मेदार लोगों ने पुलिस को गांव में बुलाकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया। सीआईए की टीम आरोपी को लेकर करनाल चली गई।
यह भी पढ़ें: नशे में धुत युवकों ने थाने में मचाया उत्पात, सिपाही से हाथापाई, दरोगा को दी वर्दी उतरवाने की धमकी
उधर, बेहट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पवन चौधरी ने बताया कि हल्की सी हाथापाई हुई थी। आरोपी को छुड़वाने की बात गलत है। ऐसा कुछ नहीं हुआ।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/