सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नकुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव भूरीबांस निवासी ओमकार कश्यप की बेटी शशि (23) की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव मछरौली निवासी शुभम से हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार की रात शशि की अचानक तबीयत खराब हो गई और उसे उल्टियां शुरू हो गई।
ससुराल पक्ष के लोगों ने आनन फानन में उसे गंगोह में निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे सहारनपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो सका। हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना विवाहिता के परिजनों को दी गई। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के दो-तीन महीने का एक बच्चा है। उधर, एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि प्रथम दृष्टयता किसी जहरीले पदार्थ का सेवन से मौत होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।