सहारनपुर पुलिस टीम पिंटू तक पहुंची तो जानकारी मिली कि उसकी भी जहरीली शराब पीने से मौत हो गई, जिसके चलते पुलिस की जांच थम गई। पुलिस ने पिंटू के दोस्तों की कुंडली खंगाली, लेकिन कोई भी सफलता हासिल नहीं हो सकी। प्रदेश सरकार शराब कांड की रिपोर्ट मांग रही है, जिसमें पुलिस फंसी है कि आखिर इस मामले में किसको असली गुनहगार बताए। हालांकि हरिद्वार और सहारनपुर पुलिस ने हरिद्वार से फकीरा व उसके बेटे सोनू निवासी बाल्लुपुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
मेडिकल में परिजनों का जमावड़ा, नहीं पता कहां से आई शराब
जहरीली शराब का सेवन करने वाले 37 लोगों को मेडिकल कॉलेज मेरठ में भर्ती कराया गया। उनके परिजनों का भी वहां जमावड़ा लगा है। जहरीली शराब किसने उनके हाथ में दी, यह उनको खुद भी नहीं पता। वह कहते हैं कि तेरहवीं में खाना खाने के बाद यह शराब बांटी गई। तेरहवीं में जहरीली शराब कुछ लोगों ने पी और कुछ ने अपने गांव लाकर दोस्तों और परिचितों को बांट दी। जिसके बाद मौत का सिलसिला शुरू हुआ।
किसने बंटवाई पिंटू से शराब
पुलिस के मुताबिक पिंटू की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उसकी मुफ्त में शराब बांटने की हैसियत तो बिल्कुल भी नहीं है। पुलिस को अंदेशा है कि पिंटू से जहरीली शराब जानबूझकर बंटवाई गई। पिंटू के अलावा कौन-कौन जहरीली शराब बांटने में थे, इसकी जानकारी उनको जरूर होगी। लेकिन जहरीली शराब बांटने के मामले में कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। यूपी और उत्तराखंड पुलिस की संयुक्त टीम जांच पड़ताल में जुटी है।
पिता-पुत्र ने नहीं उगला राज
पुलिस ने बताया कि फकीरा और उसके बेटे सोनू को जेल भेजने से पहले पूछताछ की थी। जिन्होंने बताया है कि पिंटू को ही सारी जानकारी थी। वह तो इतना जानते हैं कि सहारनपुर से कच्ची शराब की 35 बोतलें आयी थी, जिसमें कुछ मिलकर तेरहवीं में बांटी गई। शराब में क्या मिलाया, इसका राज पिंटू को था। हालांकि पुलिस पिंटू की कुंडली खंगालने में जुटी है।
जोन में 217 मुकदमे
सहारनपुर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस एक्शन में आई है। मेरठ जोन के मेरठ में 66 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। 495 लीटर अवैध अंग्रेजी और 225 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। 140 लीटर लाहन नष्ट करते हुए कच्ची शराब की दस भट्ठियां तोड़ी गई हैं।
66 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेरठ जोन के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्घनगर, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर के अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में भी बड़ी कार्रवाई की गई है। नौ जिलों में 217 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। 7326 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब तो 2048 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। 242 लोगों को अवैध शराब के साथ गिफ्तार किया है।
असली गुनहगार की तलाश जारी
जहरीली शराब हरिद्वार के बाल्लुपुर गांव में तेरहवीं में बांटी गई थी। पिंटू ने ही शराब बांटी थी। जिसकी मौत हो गई है। हरिद्वार व सहारनपुर पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लेकिन असली गुनहगार कौन है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। जिसको लेकर पुलिस की 12 टीमें गठित की हैं।
- प्रशांत कुमार, एडीजी मेरठ जोन
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/