बाइक सवार बहा, ग्रामीणों ने बचाई जान
गांव जैतपुर कला के पास सहंस्रा नदी के रपटे पर तेज बहाव के बीच एक मोटरसाइकिल सवार पानी में बह गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से बरसाती नदियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। संवेदनशील स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी जारी है।
श्रद्धालुओं की एंट्री रोकी, प्रशासन सतर्क
सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। फिलहाल मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को वापस भेजा जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
खेतों और आम के बागों में भरा पानी
लगातार वर्षा से घाड़ क्षेत्र के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। खेतों और आम के बागों में पानी भरने से किसानों और बाग मालिकों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि मक्का, बाजरा और अन्य खरीफ फसलों के लिए यह वर्षा लाभदायक मानी जा रही है, लेकिन अत्यधिक जलभराव से फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।