उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में अवैध खनन से जुड़े मामले में छानबीन करने के लिए सीबीआई की टीम मिर्जापुर में बसपा के पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के घर पहुंची। करीब दो घंटे तक मिर्जापुर टीम ने छानबीन की। मालूम चला है कि इस दौरान बसपा एमएलसी महमूद अली से भी बात की गई।
खनन के पट्टों का अवैध नवीनीकरण और अवैध खनन को लेकर वर्ष 2019 मेें सीबीआई की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसमें पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल और एमएलसी महमूद अली के अलावा दो तत्कालीन डीएम सहित 12 लोग नामजद हैं। इनमें से एक अजय कुमार सिंह का निधन हो चुका है। इसी मामले में जांच करने के लिए सीबीआई की टीम तीन दिन से सहारनपुर में डेरा जमाए हुए है।
सूत्रों से पता चला कि सीबीआई की टीम मंगलवार को मिर्जापुर स्थित हाजी मोहम्मद इकबाल के आवास पर पहुंची। वहां आसपास के लोगों से पूछा कि मोहम्मद इकबाल यहीं रहते हैं, क्योंकि उस मकान पर ताला लगा हुआ था। इसके अलावा एमएलसी महमूद अली के आवास पर पहुंचकर काफी देर तक पूछताछ की।
करीब 2 घंटे तक सीबीआई टीम यहां रुकी और छानबीन करने के बाद सहारनपुर लौट गई। उधर, स्थानीय पुलिस अधिकारी सीबीआई टीम के मिर्जापुर में पहुंचने की जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं। सीओ बेहट रामकरण सिंह का कहना है कि सीबीआई के आने की उन्हें सूचना नहीं है।