उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार को मोहल्ला नीमतला निवासी किरयाना व्यापारी पीयूष शर्मा (23) की करनाल जाते समय सडक हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार पीयूष शर्मा पुत्र विनोद शर्मा मूल रूप से गंगोह के मोहल्ला नीमतला का निवासी था। उसकी गंगोह में हीरोज स्कूल के समीप किरयाना की दुकान है। वर्तमान में वह अपनी माता और छोटे भाई के साथ करनाल में रह रहा था और प्रतिदिन करनाल से गंगोह आया-जाया करता था।
यह भी पढ़ें: इधर भी देखो सरकार: गो आश्रय स्थलों में गोवंश दुर्दशा के शिकार, खाना-पानी-दवा को मोहताज, रकम अफसर कर गए चट
शनिवार देर शाम पीयूष दुकान बढाकर बाइक से करनाल जा रहा था। गांव शंकरपुर के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से वह सडक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद वहां पहुंची पुलिस ने घायल पीयूष को सीएचसी पहुंचाया।
वहां से उसे प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से उसकी माता ललिता और छोटे भाई आदित्य सहित सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बता दें कि पीयूष के पिता विनोद शर्मा की भी पिछले वर्ष गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई थी।