बेहट क्षेत्र में गंदेवड़-मलकपुर संपर्क मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवकों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सहारनपुर जनपद के कोतवाली बेहट क्षेत्र में गंदेवड़-मलकपुर संपर्क मार्ग पर भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी गुरमीत (22) पुत्र रामबीर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार उसी के गांव के सौरभ पुत्र नाथीराम और गंदेवड़ निवासी मोहित गंभीर रुप से घायल हो गए।
विज्ञापन
हादसा शुक्रवार देर रात में हुआ। गुरमीत, सौरभ और मोहित बाइक से गंदेवड़ से मलकपुर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गुरमीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ और मोहित गंभीर रुप से घायल है।
उन्हें घटनास्थल से पुलिस बेहट सीएचसी ले गई थी, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मोहित को जिला अस्पताल से पीजीआई रेफर किया गया है और सौरभ का जिला अस्पताल में ही उपचार चल रहा है।
मोहित की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि गुरमीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। शरीर मिलने पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।