लावड़। नगर पंचायत लावड़ के कर्मचारियों का मई माह से वेतन भुगतान न होने का मामला अब मंडलायुक्त तक पहुंच गया है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने मंडलायुक्त मेरठ को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत के सभी श्रेणी के कर्मचारियों का शीघ्र वेतन भुगतान कराने की मांग की है।
संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद कुमार बेचैन ने बताया कि नगर पंचायत लावड़ के अधिशासी अधिकारी का तबादला मई माह में अन्य नगर पंचायत में कर दिया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने नगर पंचायत का कार्यभार दूसरे अधिकारी को सौंप दिया, लेकिन उन्हें वित्तीय अधिकार नहीं दिए गए। इसी कारण कर्मचारियों का वेतन भुगतान लंबित पड़ा हुआ है। ज्ञापन में कहा गया कि वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
परिवार का भरण-पोषण करने के साथ ही बच्चों की स्कूल फीस जमा करने और अन्य जरूरी खर्च पूरे करने में परेशानी हो रही है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के कारण कर्मचारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सफाई मजदूर कांग्रेस ने मंडलायुक्त से मांग की है कि नगर पंचायत लावड़ के सभी कर्मचारियों के लंबित वेतन का जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।