- जन समस्याओं के समाधान के लिए भाकियू धनसिंह कोतवाल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भारतीय किसान यूनियन (धन सिंह कोतवाल) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सरधना तहसील पहुंचकर क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर तहसीलदार को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने बिजली, पानी, जलभराव, लावारिस पशुओं, कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव सहित विभिन्न मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनिकेत चौधरी ने क्षेत्र में बिजली, पेयजल और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग उठाई। प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र शर्मा ने लावारिस पशुओं से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से रखा। वहीं, जसवीर सिंह ने आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान शिविरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए टीम गठित करने की मांग की।
अभिषेक कसाना ने वीर अब्दुल हमीद पार्क की साफ-सफाई कराने और खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग रखी। संगठन के पदाधिकारी रिंकू ने कहा कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई में यूनियन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ किसानों के हितों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
तहसीलदार ज्योति सिंह ने ज्ञापन लेते हुए प्रशासन की तरफ से जल्द संज्ञान लेकर निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष अजीत राणा, रेहान मलिक, इकरामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद कैफ, अमान अहमद, तय्यब पठान, मोहम्मद अहमद, कामिल मौजूद रहे।