हिंदी सिनेमा ने 80 के दशक में क्रूर सास और चालबाज बहू के किरदार को समाज के सामने रखा। लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। सास-बहू के बीच मां-बेटी वाली बांडिंग और आत्मिक रिश्ता बन रहा है। जो टीवी सीरियलों में दिखाई जाने वाली सास और तिकड़मबाज बहू से एकदम इतर हैं। असल जिंदगी में अब न तेजतर्रार सास हैं, और न हरपल सास के खिलाफ षड्यंत्र रचने वाली बहू। मध्यम वर्गीय परिवारों से लेकर उच्च वर्गीय घरानों में बहू को बेटी जैसा नहीं, बल्कि बेटों जैसा प्यार मिलने लगा है। ब्यूटी पार्लर, बुटीक, शॉपिंग, आउटिंग से लेकर सोशल मीडिया और किटी पार्टी के हर लम्हे को सास-बहू मिलकर एंजाय करती हैं। नाजुक रिश्ते में आए खूबसूरत बदलाव को शहर की महिलाएं बेहद संजीदगी से सजा रही हैं।
‘बेटों की तरह है मेरी बहू’
मॉडल और अभिनेत्री मोनिका कोहली अपनी बहू विनीता को बेटों की तरह रखती हैं। विनीता और मोनिका कोहली के बीच सास-बहू नहीं, बल्कि मां-बेटी का रिश्ता है। मोनिका कहती हैं जब बेटा हमारी गलत बात को सहन नहीं करता, तो बहू क्यों सहन करे। जैसे बेटे हैं वैसी ही बहू भी मेरे लिए है। कई बार लोगों ने कहा कि मैंने अपनी बहू को सिर चढ़ा रखा है, लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता। बहू विनीता भी सास को मां से बढ़कर प्यार करती हैं। अपनी हर बात सास से साझा करना उनकी आदत बन गई है। बकौल विनीता मम्मी मुझे बहुत सपोर्ट करती हैं। मोनिका का छोटा बेटा भी भाभी को दीदी बोलता है।
‘मां से बढ़कर हैं सास मां’
जगन्नाथ पुरी निवासी शैली की शादी को एक साल होने वाला है। शैली अपनी सास के बिहेवियर से बहुत खुश है। शैली की सास सीमा बहू को बेटी से बढ़कर प्यार करती हैं। बकौल शैली सास मेरा खुद से ज्यादा ख्याल रखती हैं। मैं कैसे सजूं, क्या पहनूं सब वह खुद चुनती हैं। वो चाहती हैं उनकी बहू सभी से अलग और सुंदर लगे। मैं परिवार की पहली बहू हूं, लेकिन कोई बाउंडेशन नहीं। बेटी जैसी बहू पाकर सास सीमा भी बहुत खुश हैं। सीमा कहती हैं सीरियल्स या फिल्मों में जो सास-बहू का रिश्ता दिखाते हैं वैसा कुछ भी अब घरों में नहीं हैं। मैं अपनी बहू को पूरा टाइम देती हूं। उसकी पसंद का खाना बनाकर खिलाती हूं, वो मेरा इतना ख्याल रखती है, कि मुझे बेटी की कमी नहीं खलती।
मायके में नहीं लगता मन
शंभू नगर निवासी आइशा मित्तल की शादी को चार साल हो गए। आइशा कहती हैं पता नहीं लोग क्यों सोचते हैं कि बहू मायके में भागती हैं। मेरा तो अपनी सास के बिना कहीं दिल ही नहीं लगता। आइशा की सास चित्रा मित्तल बहू की हर पसंद का ख्याल रखती हैं। कई बार तो बहू के चक्कर में बेटे को भी डांट लगा देती हैं। बकौल चित्रा मेरे लिए तो बहू बेटी जैसी है। उसने मेरे घर को रोशन कर दिया है। बहू दो दिन को कहीं चली जाए तो मेरा तो घर सूना हो जाता है। हम साथ घूमते, खाते हैं। ब्यूटी पार्लर से लेकर शॉपिंग या किटी पार्टी हर पल को दोनों सास बहू एक साथ एंजाय करती हैं।
सास के सहयोग से मिली सफलता
काउंसलर कशिका जैन अपनी सफलता का पूरा क्रेडिट अपनी सास को देती हैं। मयूर विहार निवासी डॉ. कशिका की शादी को 11 साल हो गए, लेकिन सास-बहू में कभी नोकझोंक नहीं हुई। कशिका कहती हैं कई रिलेटिव्स और लोगों ने चाहा कि हमारा रिश्ता बिगड़े, लेकिन हमारी बांडिंग इतनी स्प्रिचुअल है कभी झगड़ा नहीं हुआ। मम्मी ने बेटी से ज्यादा हमेशा मुझे प्यार किया। मेरी ड्रेंसिंग, लाइफ स्टाइल को उन्होेंने खुद आगे बढ़कर सपोर्ट किया। हर पल वो मेरा साथ एक अच्छी मां की तरह देती हैं। तभी मैं इतना आगे बढ़ सकी हूं। सास नीरा जैन कहती हैं लोगों के तो बेटे उनका नाम मशहूर करते हैं। मेरी बहू ने बेटे से बढ़कर मेरा सम्मान बढ़ाया है। मैं जहां भी जाऊं लोग मेरी बहू की तारीफ करते हैं तो मेरा दिल गर्व से खिल उठता है।
सीरियल दिखाते हैं नकारात्मक छवि
टीवी चैनलों पर आने वाले विभिन्न सीरियलों में सास-बहू का एकदम नकारात्मक किरदार दिखाया जाता है। जो पूरी तरह गलत हैं। महिलाओं के अनुसार अब माहौल बदल रहा है। सास-बहू में अब नोकझाेंक वाले रिलेशन नहीं हैं। सास अपनी बहू को बेटी मानती है। बहु भी सास को मां की तरह प्यार करती हैं।
बॉलीवुड की चर्चित सास-बहू
ललिता पवार, शशीकला, बिंदु, अरुणा ईरानी, जयश्री टी, नादिरा, रोहिणी हतंगिणी हिंदी फिल्मों की सबसे चर्चित सास रही हैं। फिल्मों में इनकी उपस्थिति हमेशा निगेटिव सास के रूप में होती थी। बात अगर सीरियल की हो तो छोटे पर्दे पर कई सास और बहू इस मामले में काफी पहचान पा चुकी हैं।