बेटी की शादी के लिए ढाई लाख रुपये न मिलने पर एक वृद्ध ने बुधवार को साकेत स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया। इस दौरान बैंक कर्मचारियों के होश उड़ गए। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन इंस्पेक्टर ने वृद्ध को किसी तरह समझाकर शांत कराया। बाद में पुलिस ने बैंक मैनेजर से बात कर वृद्ध को 88 हजार रुपये दिलवा दिए।
किला रोड न्यू वसंत विहार निवासी तिलकराम यूपी एग्रो से रिटायर कर्मचारी हैं। जिनकी पेंशन आती है। तिलकराम की बेटी पिंकी की शादी नौ दिसंबर को होनी है। बेटी की शादी के लिए तिलकराम पीएनबी साकेत स्थित अपने खाते से ढाई लाख रुपये निकालने गए थे। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने इतनी रकम देने से इंकार कर दिया था। पीड़ित का कहना है कि सारे कागजात पूरे कर बैंक को दे दिए। लेकिन उसके बाद भी उसे ढाई लाख रुपये नहीं दिए गए।
21 नवंबर को पीड़ित ने एडीएम सिटी ऑफिस पर शिकायत करते हुए कहा था कि यदि सात दिसंबर तक उसे ढाई लाख रुपये नहीं मिलते हैं तो वह बैंक के बाहर ही आत्मदाह कर लेगा। दो दिन पहले तिलकराम कलक्ट्रेट भी गए थे। बुधवार को बैंक के बाहर लाइन लगी थी। इस बीच तिलक ने बैंक कर्मचारियों से ढाई लाख रुपये मांगे तो उन्होंने पैन कार्ड और कुछ कागजों में कमी बताकर इतना पैसा देने से इंकार कर दिया। जिस पर वे नाराज होकर लौट गए। इसके कुछ देर बाद ही तिलकराम केरोसिन की बोतल लेकर पहुंचे और बैंक के बाहर केरोसिन अपने ऊपर उड़ेल लिया। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने तिलकराम से बोतल और माचिस छीन ली। इंस्पेक्टर सिविल लाइन विजय कुमार का कहना है कि बाद में बैंक अफसरों से बात कर तिलकराम को बेटी की शादी के लिए 88 हजार रुपये दिलवाए गए हैं।