मेरठ। जिला एथलेटिक संघ मेरठ की ओर से भगत सिंह अकादमी ग्राम पुट्ठा वेदव्यास पुरी में जिला क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता हुई। महिला, पुरूष के अलावा बालक और बालिका की विभिन्न आयु वर्ग में दौड़ प्रतियोगिताएं कराई गई।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला एथलेटिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल सिंह ने किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग, महिला वर्ग, बालक 20 वर्ष, बालिका 20 वर्ष, बालक 18 वर्ष, बालिका 18 वर्ष, बालक 16 वर्ष, बालिका 16 वर्ष के 65 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
जिला एथलेटिक संघ की तकनीकी टीम की तरफ से राधा चौधरी, मानसी सहगल, पारस राज, सुमित, फहीम, हिमांशु एवं भगत सिंह अकादमी के संचालक सचिन भाटी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में बालक 16 वर्ष की दो किमी. दौड़ में प्रथम कृष सिद्धार्थ, द्वितीय हनी, तृतीय वासुदेव रहे। बालक 18 वर्ष में दो किलोमीटर रेस में प्रथम लविश, द्वितीय दीपांशु, तृतीय परमजीत सिंह सिद्धु रहे। बालक 20 वर्ष की 8 किलोमीटर रेस प्रतियोगिता में प्रथम अंकुर सिंह, द्वितीय मोहम्मद आसिफ, तृतीय नितिन रहे। पुरुष वर्ग की 10 किलोमीटर रेस प्रतियोगिता में प्रथम सनी, द्वितीय सुमित सैनी, तृतीय अमन शर्मा रहे।
बालिका 16 वर्ष वर्ग की 2 किलोमीटर रेस प्रतियोगिता में प्रथम आरती त्यागी, द्वितीय खुशी, तृतीय ओमना रही। बालिका 18 वर्ष की चार किलोमीटर रेस में प्रथम अनु सागर, द्वितीय वंशिका, तृतीय स्थान पर सविता सांगवान रही। बालिका 20 वर्ष वर्ग की 6 किलोमीटर रेस प्रतियोगिता में प्रथम स्वाति यादव, द्वितीय रूपा चौधरी, तृतीय खुशी रही। महिला वर्ग की 10 किलोमीटर रेस प्रतियोगिता में आरती ने पहला, गुलशमा परवीन ने दूसरा और निशु कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जिला एथलेटिक संघ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि जिला एथलेटिक संघ की चयन समिति द्वारा टीम का चयन बुधवार को होने वाली बैठक में किया जाएगा। जिसकी सूचना सभी खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से एवं जिला एथलेटिक संघ की वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी।