कांवड़ यात्रा के दौरान अगर किसी ने सोशल मीडिया या अन्य किसी तरह से अफवाह फैलाई तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। माहौल बिगाड़ने वालों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी खुले में न दें। अवशेष भी सड़क पर न फेंकें। यह निर्देश सोमवार को डीएम दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने दिए। उन्होंने पुलिस लाइन में धर्मगुरुओं के साथ बैठक की।
बैठक में प्रबुद्धजनों ने जनपद में विद्युत व्यवस्था, सड़क, साफ-सफाई, पेयजल, ट्रैफिक व्यवस्था, जलभराव से संबंधित समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने धर्मगुरुओं को सामाजिक सद्भावना बढ़ाने एवं प्रत्येक व्यक्ति, धर्म, संप्रदाय, त्योहार आदि पर आपसी सहयोग एवं समन्वय बढ़ाने के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा। एसएसपी ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्व जो किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविर सड़क से अंदर की ओर लगाए जाएं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी सिटी पीयूष सिंह धर्मगुरू, प्रबुद्धजन एवं कांवड़ संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।