मेरठ। खैरनगर में दवाई विक्रेताओं के यहां ड्रग्स विभाग के द्वारा पुलिस के साथ छापे की कार्रवाई से बवाल हो गया। व्याारियों ने हंगामा कर टीम का घेराव किया। व्यापारियों ने पूरा खैर बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन किया। आखिरकार देहली गेट थाने की पुलिस को लौटना पड़ा, तब दो घंटे बाद खैरनगर बाजार खुला। हालांकि ड्रग्स विभाग की टीम इस दौरान कई दुकानों से सैंपल लेकर जांच कर चुके थे। इस मामले को लेकर दवा व्यापारियों ने कमिश्नर से मिलने की बात कही है। साथ ही कहा कि ड्रग्स विभाग रोज जांच करें, कोई बात नहीं, मगर पुलिस के साथ छापे की कार्रवाई होगी तो इसका विरोध किया जाएगा।
ड्रग्स विभाग के इंस्पेक्टर पीयूष और प्रियंका चौधरी ने बृहस्पतिवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे देहली गेट थाने की पुलिस के साथ खैरनगर बाजार के शिवम कांप्लेक्स में और बाबा मेडिकोज आदि के दवा विक्रेताओं के यहां छापे की कार्रवाई। पुलिस को साथ लेकर छापे और जांच की कार्रवाई का व्यापारियों ने विरोध किया। व्यापारियों ने टीम का घेराव कर हंगामा कर दिया। करीब चार बजे खैरनगर का तामाम दवा बाजार बंद हो गया। दवा व्यापारियों ने हंगामा करते हुए धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस के साथ छापे की कार्रवाई विरोध जताया। हंगामे की सूचना पर देहली गेट थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार यादव भी फोर्स लेकर मौके पर आ गए। उन्होंने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, मगर वो नहीं माने। इस दौरान इंस्पेक्टर की व्यापारियों ने नोकझोक भी हुई। व्यापारी मौके पर डीएम-एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़ गए। आखिरकार भारी विरोध के चलते देहली गेट पुलिस लौट गई। इसके बाद करीब छह बजे व्यापारियों ने बाजार खोल दिया। हंगामा प्रदर्शन करने वालों में गोपाल अग्रवाल ,मोहिउद्दीन, गुड्डू , राजेश अग्रवाल, विकास मित्तल, गगन गुप्ता, राजेश सिंह, प्रवीण दुआ, मनोज गुप्ता, मोतीराम जैन, रविंद्र दुग्गल, देवेंद्र भसीन आदि शामिल रहे।
-
हम व्यापारी को बदनाम नहीं होने देंगे
मेरठ। व्यापारी नेता अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह ने कहा कि हम अपने दुकानों की पुलिस की मौजूदगी में जांच नहीं कराएंगे और ना ही हम अपने व्यापारी को बदनाम होने देंगे। अगर ड्रग्स
विभाग इस प्रकार से व्यापारी को बदनाम करने का कार्य किया जाएगा तो हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे। व्यापारियों के साथ ड्रग्स विभाग के अधिकारियों की भी संपत्ति की जांच होनी चाहिए। महामंत्री घनश्याम मित्तल ने कहा कि ड्रग्स विभाग रोज दवा व्यापारियों की जांच करता है तो वह हमें अवगत कराए, कितनी दवाइयां नकली बाजार से पकड़ी गई है और उन पर क्या कार्रवाई हुई है। होलसेलर और रिटेलर केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी मंगलवार को कमिश्नर ह्षिकेश भास्कर यशोद से मुलाकात करेंगे।
-
पुलिस की मौजूदगी में जांच नहीं कराएंगे
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल का कहना है कि औषधि निरीक्षक द्वारा पहले भी बाजार में चेकिंग होती रही है, उनका अधिकार क्षेत्र है। व्यापारियों का विरोध पुलिस को साथ लेकर आने का है। हमारे प्रतिष्ठानों पर पुलिस आएगी तो हमारी क्या इज्जत रहेगी। इसी कारण विरोध कर धरना दिया। अगर भविष्य में पुलिस आएगी तो फिर यही कार्रवाई की जाएगी फिर विरोध किया जाएगा
कई दुकानों की जांच कर आठ सैंपल लिए
ड्रग्स इंस्पेक्टर पीयूष ने बताया कि असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग्स अरविंद गुप्ता को देहली गेट थाने के प्रभारी ने बुधवार को पत्र लिखा था कि खैरनगर में कुछ दवाओं के संबंध में जानकारी करनी है। सैंपल लेने हैं, क्योंकि उनके पास भी दवाओं से संबंधित शिकायतें आती रहती हैं। बृहस्पतिवार को देहलीगेट पुलिस के साथ खैरनगर में जांच करने के लिए गए थे। दवा व्यापारियों को एतराज था कि वह पुलिस कर्मियों को अपने साथ लेकर क्यों आए हैं, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पुलिस को अपने साथ लेकर नहीं आए हैं बल्कि पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर आई है। इस दौरान हमने कई दुकानों की जांच कर आठ दवाओं के नमूने लिए हैं, जिनमें एंटीबायोटिक हैं, कफ सिरप हैं और कुछ मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित दवाई हैं। दवाओं को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने पत्र लिखकर खैरनगर में संयुक्त टीम द्वारा दवाईयों की जांच कराने के लिए कहा था। ड्रग्स इंस्पेक्टर पीयूष और प्रियंका को देहली गेट थाना पुलिस के साथ जांच के लिए भेजा था, जहां पर दुकानदारों ने पुलिस की मौजूदगी को विरोध किया। इसके बावजूद दुकानों की जांच कर सैंपल लिए गए है। ड्रग्स विभाग की टीम को सुरक्षा के लिए पुलिस को अपने साथ रखना पड़ता है। विभाग अपनी कार्रवाई जारी रखेगा।
- अरविंद गुप्ता, असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग्स
पुलिस को लगातार मिल रही शिकायत
- इंस्पेक्टर देहली गेट को लगातार शिकायत मिल रही है कि खैरनगर के दवा बाजार में प्रतिबंधित दवाई भी बिक रही है। बाहरी प्रांतों से भी यहां दवाई बेची जा रही है। इस शिकायत पर पुलिस और ड्रग्स विभाग ने संयुक्त सर्वे करने का निर्णय लिया था। बृहस्पतिवार को दुकानदारों ने विरोध किया तो पुलिस वापस आ गई। शिकायतों की संबंधित विभाग से जांच करवाई जाएंगी।
अंतरिक्ष जैन, एएसपी सीओ कोतवाली
-