फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यस बैंक के अफसरों से ग्राहकों की नोकझोंक, नहीं निकले रुपये तो जमकर किया हंगामा

Fri, 06 Mar 2020 09:24 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर

सार

यस बैंक में पैसा निकालने के लिए शुक्रवार को खाता धारकों की भीड़ लग गई। इस दौरान रुपये नहीं निकलने पर ग्राहकों की अफसरों से नोकझोंक भी हुई।
विज्ञापन
यस बैंक में हंगामा करते ग्राहक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कई तरह की अफवाहों के बीच शुक्रवार को यस बैंक में पैसा निकालने के लिए खाता धारकों की भीड़ लग गई। सुबह से लोग बैंक पहुंच गए। लेकिन कैश न होने की वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। इस वजह से बैंक में हंगामा हुआ और कर्मचारियों से खाताधारक उलझते नजर आए। बैंक में नगदी संकट की वजह से खाताधारकों में अफरातफरी का माहौल रहा। 

विज्ञापन


वहीं, इस बैंक के सैलरी खाताधारक भी बेचैन हो उठे, क्योंकि उनका ऑनलाइन ट्रांजेक्शन शो नहीं हो रहा था। न ही एटीएम से पैसे निकल रहे थे। अन्य बैंकों ने भी इस बैंक से जुड़े चेक के क्लीयरेंस से परहेज किया। यस बैंक के अधिकारियों ने ग्राहकों को जल्द स्थिति ठीक होने का आश्वासन दिया है। 

महानगर में खलासी लाइन मार्ग पर दीवानी कचहरी पुल के पास यस बैंक की शाखा है। शुक्रवार सुबह से बैंक में बड़ी संख्या में भीड़ जुटनी शुरू हो गई। ग्राहक पैसा निकालने के लिए पहुंचे, लेकिन कैश न होने की वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही बड़ी संख्या में ग्राहकों ने अपनी एफडी खत्म कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी और बैंक में आवेदन कर दिया। कैश न मिलने की वजह से ग्राहक आक्रोशित हुए और बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उलझते हुए नजर आए। उन्होंने ग्राहकों को बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि खाताधारक दो अप्रैल तक एक दिन में केवल 50 हजार रुपये ही निकाल पाएंगे। यह निर्देश बैंक शाखा के बाहर भी चस्पा किया गया है। इसके साथ ही ग्राहकों को एक या दो दिन में एटीएम में कैश उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

एटीएम से भी नहीं निकल पाए रुपये
ग्राहकों ने एटीएम से पैसा निकालने की कोशिश की, लेकिन यस बैंक के एटीएम कार्ड से किसी अन्य बैंक के एटीएम से भी पैसा नहीं निकल पाया। क्योंकि, इस पर भारतीय रिजर्व बैंक ने रोक लगा दी है। सिर्फ चेक के माध्यम से ही शाखा पहुंचकर खाताधारक पैसा निकाल पाएंगे। 

बैंक अफसर बोले, खाताधारकों का पैसा सुरक्षित, चिंता न करें
यस बैंक के शाखा प्रबंधक अनुराग अग्रवाल और रिलेशनशिप मैनेजर अमन वालिया ने बताया कि बैंक पर किसी तरह का संकट नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक ने प्रत्येक ग्राहक के लिए एक दिन में 50 हजार रुपये निकालने के निर्देश जारी किए हैं, जो दो अप्रैल तक जारी रहेंगे। शनिवार को बैंक में कैश आ जाएगा और ग्राहकों की समस्या का समाधान होगा। इसको लेकर दिल्ली में बैंक के शीर्ष अधिकारियों की वार्ता भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारियों एवं केंद्र सरकार से चल रही है। ग्राहक अफवाहों पर ध्यान न दें। उनका पैसा पूरी तरह सुरक्षित है।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें