मवाना खुर्द के राशन उपभोक्ता आपूर्ति विभाग के कार्यालय में हंगामा करते हुए।
- फोटो : MAWANA
आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय के समक्ष हंगामा
मवाना। मवाना खुर्द गांव के उपभोक्ताओं ने राशन वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय पर हंगामा किया। इसके बाद कार्यालय पहुंचकर उपजिलाधिकारी से शिकायत की। उपजिलाधिकारी द्वारा जांच का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ।
मवाना खुर्द गांव के उपभोक्ता आपूर्ति निरीक्षक के कार्यालय पर पहुंचे तथा हंगामा किया। आपूर्ति निरीक्षक रविंद्र कुमार द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर ग्रामीण उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव से मिले तथा लिखित में शिकायत की। उन्होंने एसडीएम को बताया कि गांव में दो राशन की दुकानें हैं। दोनों डीलर कई माह से राशन कम दे रहे हैं। अंगूठा लगवाने के बाद कम यूनिट बताते हैं। जब ऑनलाइन चेक कराया जाता है तो यूनिट पूरी मिलती हैं। ऐसा भ्रष्टाचार इस कारण हो रहा है। उनका कहना है कि अंगूठा लगाने के बाद मशीन से पर्ची नहीं निकलती है। जिससे राशन कार्ड धारकों को अपनी यूनिट के बारे में कुछ भी पता नहीं चलता। पत्र में वितरण कराते समय मशीन चेक कराने, महिलाओं को अंगूठा लगाने के बाद पर्ची दिलाए जाने की मांग की। साथ ही तौल में राशन कम देने का भी आरोप लगाया है। उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने जांच का आश्वासन देकर मामला शांत किया। शिकायती पत्र देने वालों में दिनेश कुमार, आदेश कुमार, छोटे, नईमा, राकेश, शीला, राजीव, सोनू, अर्जुन, समय सिंह, मौ. नाजिम, सलाउद्दीन, दिलदार अहमद, कामिल, इकरामू आदि थे।