ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) के आवेदन के लिए अब परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बागपत समेत प्रदेश के चार जिलों में सारथी-4 की व्यवस्था लागू होगी। डीएल के लिए अभ्यर्थी अब घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद निर्धारित तिथि पर परिवहन कार्यालय जाकर अभ्यर्थी टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर घर पर ही डीएल को प्रिंट कर सकेंगे। सॉफ्टवेयर अपडेशन के चलते 31 जनवरी की दोपहर से चार फरवरी तक लर्निंग लाइसेंस नहीं बनेंगे।
पढ़ें : सावधान : अगर ये गलती की तो अधूरा रह जाएगा सेना में जाने का सपना
परिवहन कार्यालयों में लाइसेंस बनवाने के लिए अभ्यर्थियों को चक्कर काटने पड़ते थे। डीएल बनवाने की एवज में रुपये ऐंठने के भी आए दिन मामले सामने आने की शिकायतें आम है, लेकिन सारथी-चार व्यवस्था से अब तमाम झंझटों से निजात मिल जाएगी। एआरटीओ प्रशासन आरपी मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में लखनऊ और बहराइच के बाद अब बागपत, रायबरेली, इटावा और उन्नाव में यह पायलट प्रोजेक्ट लागू किया। आवेदक अब घर बैठे ही विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करेंगे और अपने प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। यहीं पर उन्हें टेस्ट की डेट मिलेगी। इस तिथि पर परिवहन कार्यालय जाकर टेस्ट देंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदक अपने घर पर ही डीएल का प्रिंट ले सकेंगे।
आज एक बजे तक ही पुरानी व्यवस्था
एआरटीओ ने बताया 31 जनवरी को दोपहर एक बजे तक ही पुरानी व्यवस्था के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। जिन लाइसेंस का नवीनीकरण होना है, उनकी प्रक्रिया भी एक बजे तक ही पूरी हो सकेगी। इसके बाद चार फरवरी तक सारथी-4 का अपडेशन किया जाएगा और पांच फरवरी को नई व्यवस्था लागू होगी। चार फरवरी तक कर्मचारियों के प्रशिक्षण के कारण डीएल नहीं बनाए जाएंगे।
अभी तक सारथी-2 पर चल रहा था काम
अभी तक परिवहन कार्यालयों में सारथी-2 से काम चल रहा था। इस पर कार्य रोके जाने और सारथी-4 के क्रियान्वयन का कार्य का संचालन मुख्य डाटाबेस में पोर्ट करने की कार्रवाई एनआईसी दिल्ली से संचालित होगी।
बंद होगा डीएल की एवज में रुपये ऐंठने का खेल
डीएल बनवाने की एवज में अभ्यर्थियों से रुपये ऐंठने का खेल बंद हो सकेगा। एआरटीओ दफ्तर के बाहर डीएल बनवाने के नाम पर की जाने वाली जुगाड़ बंदी भी नई व्यवस्था से असफल होने की संभावना है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/