मेरठ। दौराला थाना क्षेत्र के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में चोरों ने शनिवार रात प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार के फ्लैट का ताला तोड़कर 40 लाख रुपए कीमत के आभूषण व अलमारी में रखे 1.60 लाख रुपए चोरी कर लिए। चारों चोर घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। एसएसपी ने चोरी के खुलासे के लिए स्वाट टीम सहित तीन टीमों का गठन किया है।
शामली के झिंझाना गांव निवासी डॉ. सुनील कुमार और उनकी पत्नी शीतल बांगा सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। रविवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार को वह अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ गांव गए थे। शनिवार देर रात पड़ोसी ने फोन कर घर से चोर निकलने की जानकारी दी थी। डा. सुनील कुमार परिजनों के साथ वापस मेरठ पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर चार सोने के कंगन, पांच जोड़ी कानों के झुमके, दो सोने की चेन, तीन सोने के मंगलसूत्र, एक हीरे की अंगूठी, पांच सोने की अंगूठी, चार जोड़ी चांदी की पायल, सात चांदी के सिक्के, चार सोने के लॉकेट, नौ जोड़ी चुटकी, दो जोड़ी कानों की बाली, बैंक की पासबुक, चेक बुक व अन्य कीमती कागज चोरी कर लिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। फ्लैट पर लगे सीसीटीवी में चार चोर अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
-कृषि विश्वविद्यालय की सुरक्षा पर उठे सवाल
कृषि विश्वविद्यालय में लगभग एक महीना पूर्व प्रेम प्रसंग को लेकर एक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक से मारपीट और फायरिंग की थी। वहीं शनिवार देर रात चार चोरों ने कृषि विश्वविद्यालय की सुरक्षा को तोड़ते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर लगभग आधा घंटे से अधिक समय तक फ्लैट के अंदर मौजूद रहे।