मवाना। मवाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने तत्परता दिखाते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार समीर की डूबी हुई रकम में से एक बड़ी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की। पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराई गई 2.73 लाख रुपये की रकम कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित को सौंप दी।
क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी समीर ने 31 मई को पुलिस से ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत की थी। समीर ने बताया था कि उसने एक ट्रेडिंग कंपनी के खाते के माध्यम से कुछ व्यापारिक लेनदेन किया था। इसके बाद उसके साथ धोखाधड़ी हो गई और शातिरों ने उसके बैंक खाते से करीब 3.73 लाख रुपये की राशि उड़ा ली। शिकायत पर साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। साइबर हेल्प डेस्क टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक योगेश पाण्डेय ने दर्ज शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उक्त मामले से संबंधित विभिन्न बैंकों से तुरंत संपर्क कर ठगी गई राशि में से 2.73 लाख रुपये की रकम को खातों में फ्रीज करा दिया।