संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भाजपा का सदस्य बनाने के नाम पर मेडिकल स्टोर संचालक से 2.22 लाख रुपये लेने और उसे पार्टी का राष्ट्रीय संरक्षक बनाए जाने का प्रमाण पत्र थमाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि जालसाजी से प्रमाण पत्र देने के बाद अब उससे और रकम मांगी जा रही है। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी और मेडिकल स्टोर बंद कराने की चेतावनी दी जा रही है। पीड़ित ने शुक्रवार को सरधना थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मोहल्ला धर्मपुरा निवासी इमरान पुत्र बाबू मेडिकल स्टोर संचालक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्बे के ही कुछ लोगों ने उन्हें भाजपा में सदस्यता दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में उनसे 2.22 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि विश्वास में लेने के लिए उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय संरक्षक बनाए जाने संबंधी प्रमाण पत्र भी सौंप दिए गए। बाद में उन्हें प्रमाण पत्रों के जरिये कथित जालसाजी का पता चला।
पीड़ित के मुताबिक, रकम लेने के बावजूद आरोपी अब और रुपये की मांग कर रहे हैं। इमरान का आरोप है कि 28 अक्तूबर की रात करीब आठ से नौ बजे के बीच एक आरोपी उनके मेडिकल स्टोर पर पहुंचा। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके कुछ देर बाद उसके दो अन्य साथी भी दुकान पर पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे मेडिकल स्टोर बंद कराने की धमकी दी जा रही है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-