परतापुर। परतापुर के रिठानी स्थित एटीएम से रुपये निकालने गए आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) कर्मचारी से एटीएम में खड़े शातिर युवक ने मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 91 हजार रुपये निकाल लिए।
शताब्दीनगर सेक्टर एक निवासी दुर्गा प्रसाद आरआरटीएस में सुपरवाइजर हैं। सोमवार को उन्होंने कंपनी के एक कर्मचारी को रिठानी के दिल्ली रोड स्थित एक बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए भेजा था। कर्मचारी ने एटीएम से पैसे निकालने के लिए कई बार एटीएम कार्ड मशीन में डाला लेकिन पैसे नही निकले। वहां पास में खड़े एक युवक ने उसकी मदद करने की बात कही और उसका एटीएम कार्ड ले लिया लेकिन उसने भी तकनीकी खराबी बताकर रुपये न निकलने की बात कहकर एटीएम कार्ड वापस दे दिया।
कर्मचारी बिना रुपये निकाले लौट गया और सुपर वाइजर को सारी बात बताई। सुपरवाइजर के मोबाइल में कुछ देर बाद खाते से 91 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इसके बाद पता चला कि आरोपी युवक ने एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकाली है। जिसके बाद सुपर वाइजर कर्मचारी को लेकर परतापुर थाने पहुंचे और मामले की जानकारी दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज से युवक की तलाश की जा रही है।