मेरठ। भूमिया पुल पर पुलिया निर्माण कार्य के चलते यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रविवार रात से रूट डायवर्जन कर दिया। इसके चलते वहां जाम लग गया। 15 मार्च तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं सभी प्वाइंटों पर यातायात पुलिस की तैनात कर दी गई है। जाम के चलते वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि भूमिया पुल पर नगर निगम की ओर से पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने पत्र भेजकर यहां रूट डायवर्जन का अनुरोध किया था। इसके बाद उन्होंने यातायात प्रभारी विनय कुमार शाही को भूमिया पुल पर उस रूट का निरीक्षण करने के लिए भेजा था। साथ ही रूट डायवर्जन का आदेश जारी कर दिया। अब नौ फरवरी की रात 10 बजे से 15 मार्च तक भूमिया पुल की तरफ किसी वाहन का आवागमन नहीं हो सकेगा।
इस अवधि में हापुड़ अड्डा से भूमिया पुल के रहने वाले लोग ही भूमिया पुल तक जा सकेंगे। मेट्रो प्लाजा और शारदा रोड की तरफ से आने वाले वाहन भूमिया पुल से लिसाड़ी गांव होते हुए लिसाड़ी गेट के रास्ते हापुड़ अड्डा आ सकेंगे। इसी तरह नूर नगर और लिसाड़ी गांव की तरफ से आने वाले वाहन भूमिया पुल के पास से होते हुए शारदा रोड व मेट्रो प्लाजा जा सकेंगे। भारी वाहनों का इस ओर प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा।
-
35 दिन झेलनी पड़ेगी दिक्कत
हापुड़ अड्डा से भूमिया पुल और शारदा रोड, मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। वाहनों को लिसाड़ी गांव व नूर नगर पुलिया वाले रास्ते से निकाला जाएगा। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।