दशहरा पर शहर में आज (मंगलवार) को रूट डायवर्जन व्यवस्था रहेगी। एसपी ट्रैफिक किरन यादव के अनुसार दिल्ली रोड स्थित रामलीला ग्राउंड, भैसाली मैदान, जेलचुंगी चौराहा, सूरजकुंड पार्क पर मुख्य रूप से दशहरा मेला आयोजित होगा। जिसके चलते मंगलवार दोपहर 12 बजे से रात्रि दो बजे तक डायवर्जन रहेगा। वहीं 12 अक्तूबर बुधवार को मोहर्रम के जुलूसों को देखते हुए सुबह 11 बजे से रात 12 बजे तक डायवर्जन रहेगा।
आज दशहरे पर यह रहेगा रूट
- दिल्ली से आकर भैसाली बस अड्डा जाने वाली रोडवेज बसों को परतापुर बाईपास तिराहा से कंकरखेड़ा बाईपास चौराहा से बेगमपुल के रास्ते निकाला जाएगा। वापसी का भी यही रूट रहेगा।
- मुजफ्फरनगर व बिजनौर से आने वाली रोडवेज बसें जीरो माइल से होकर भैसाली बस अड्डा पहुंचेंगी।
- मुजफ्फरनगर से हापुड़, गढ़ व मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन मोदीपुरम फ्लाईओवर से परतापुर बाईपास होकर बिजली बंबा बाईपास के रास्ते जाएंगे।
- जेलचुंगी चौराहे से ही सभी भारी वाहनों को डिग्गी तिराहे से डायवर्ट कर दिया जाएगा। जो तेजगढ़ी चौराहे से एल ब्लॉक, बिजली बंबा बाईपास से परतापुर तिराहे से होकर जाएंगे।
- डिग्गी तिराहा व तेजगढ़ी चौराहे से कमिश्नरी आवास चौराहे के बीच हल्के व भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- बिजनौर से हापुड़, गढ़ व मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन कमिश्नरी आवास चौराहा, जीरोमाइल से कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से परतापुर बाईपास तिराहे से मुड़कर बिजली बंबा बाईपास के रास्ते से जा सकेंगे।
- मुजफ्फरनगर से हापुड़ व बुलंदशहर जाने वाले भारी वाहन मोदीपुरम तिराहे से परतापुर बाईपास तिराहा होते हुए मोहिउद्ीनपुर-खरखौदा मार्ग से खरखौदा होकर जाएंगे।
- दिल्ली रोड पर फुटबॉल चौक से बिजली बंबा बाईपास तिराहा के बीच ट्रैफिक बंद रहेगा। इन्हें बागपत रोड और बिजली बंबा बाईपास पर डायवर्ट किया जाएगा।
- गांधी आश्रम चौराहे से सूरजकुंड मंदिर स्पोर्ट्स मार्केट, नाला पुलिया से सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- जीटीबी स्कूल और जली कोठी से भैसाली ग्राउंड की ओर सभी वाहन प्रतिबंधित रहेेंगे।
- मंगलवार को नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो एंट्री रात दो बजे तक रहेगी।
मोहर्रम पर यह रहेगा रूट
- दिल्ली से भैसाली बस अड्डा जाने वाली रोडवेज बसों को परतापुर बाईपास तिराहा से कंकरखेड़ा बाईपास चौराहा से वेस्ट एंड रोड से जली कोठी होकर निकाला जाएगा। वापसी का भी यही रूट रहेगा।
- मुजफ्फरनगर और बिजनौर से आने वाली रोडवेज बसें जीरोमाइल से भैसाली बस अड्डा पहुंचेंगी।
- बिजनौर से गाजियाबाद, दिल्ली जाने वाले भारी वाहन कमिश्नरी आवास चौराहे से तेजगढ़ी, एल ब्लॉक होकर बिजली बंबा बाईपास के रास्ते जा सकेंगे।
- मुजफ्फरनगर से गढ़, मुरादाबाद, हापुड़ जाने वाले भारी वाहन जीरो माइल से कमिश्नरी आवास चौराहा, तेजगढ़ी चौराहे से जा सकेंगे।
- दिल्ली व गाजियाबाद की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन बिजली बंबा बाईपास होकर आ-जा सकेंगे।
- 12 अक्तूबर को नो एंट्री रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।