मवाना(मेरठ)। क्षेत्र में चोर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। शुक्र वार रात चोरों ने दूधली गांव में खाद व्यापारी के घर लाखों रुपये की ज्वेलरी सहित नकदी चोरी कर ली। चोरी की घटना को लेकर कई गांवों के प्रधान व विधायक के साथ एसएसपी से मिले। एसएसपी ने चार दिन में घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। पुलिस ने इस मामले रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मवाना थाना के गांव दूधली में सुधीर पुत्र कर्म सिंह परिवार के साथ रहते हैं। सुधीर गांव मवाना खुर्द में खाद एवं कीटनाशक की दुकान करते हैं। सुधीर के मुताबिक शुक्रवार रात वह पत्नी व दो बच्चे के साथ बराबर के कमरे का ताला लगाकर सोए थे। रात करीब 12 बजे जब चोरों ने कमरे का ताला तोड़ा तो उन्हें कुछ आभास हुआ, परंतु वह फिर सो गए। करीब एक घंटे बाद आहट होने पर आंखें खुली। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास कि तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। दूसरे दरवाजे से वह बाहर पहुंचे तो देखा कमरे व अलमारी का ताला टूटा था और कमरे में सामान फैला था। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। पीड़ित के मुताबिक चोरों ने करीब आठ लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी व नकदी चोरी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लाखों की ज्वेलरी व नकदी
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरों ने डेढ़ लाख की नकदी, सोने के दो गले के सैट, छह जोड़ी कुंडल, चार चैन, एक मंगलसूत्र, आठ अंगूठी, चार कंगन, दो मांग फीता, एक सोने का सिक्का सहित चांदी के चार बिस्कुट, 12 सिक्के, 10 जोड़ी पाजेब, छह जोड़ी बिछुए, पांच हाथ की घड़ी आदि सामान चोरी कर ले गए।
एसएसपी, विधायक से मिले ग्रामीण
चोरी की बड़ी घटना पर भी थाना प्रभारी सहित कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसको लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की। आसपास के कई गांवों के प्रधान विधायक दिनेश खटीक से मिलने पहुंचे। उसके बाद विधायक से साथ एसएसपी अजय साहनी से मिले। मवाना खुर्द के ग्राम प्रधान पति अजय त्यागी ने बताया कि एसएसपी ने चार दिन में घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। जैसे ही थाना प्रभारी को ग्राम प्रधानों के एसएसपी के यहां जाने का पता चला तो उसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में फोरेंसिक टीम ने जांच की। एसएपी से मिलने वाले प्रधानों में भीम सिंह, भैंसा प्रधान पति विलियम चौधरी, जितेंद्र दूधली, सतीश प्रधान, मुकेश त्यागी रहे।
चोरी की घटना के बारे में जानकारी देते परिजन।- फोटो : MAWANA