परीक्षितगढ़ में बदमाशों ने शनिवार रात बियर शॉप पर डकैती को अंजाम दे डाला। इस घटना को पुलिस दबाने में लगी थी कि रविवार दोपहर बदमाशों ने देसी शराब के ठेके पर लूटपाट कर दी।
परीक्षितगढ़ में मवाना बस स्टैंड पर सरकारी बियर शॉप है जहां कौशल और राहुल सेल्समैन हैं। शनिवार रात करीब दस बजे दोनों दुकान बंद कर रहे थे। इस दौरान स्विफ्ट कार से पहुंचे पांच बदमाशों ने दोनों से असलहों के बल पर 42 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए।
उसके बाद दोनों को कार में डालकर ले गए और ग्राम गांवडा के जंगल में फेंककर फरार हो गए। रात में ही दोनों पीड़ित थाना परीक्षितगढ़ पहुंचे तो पुलिस ने कार्रवाई के बजाय दोनो को थाने में ही बैठा लिया।
वहीं, रविवार दोपहर अपाचे बाइक से तीन बदमाश ग्राम पसवाड़ा के देशी शराब के ठेके पर पहुंचे। ठेके पर बैठे सेल्समैन राकेश के बेटे अक्षय से चार हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसे तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। 14 घंटे में डकैती और लूट की घटना से पुलिस में अफरातफरी मच गई।