किठौर। शाहजहांपुर राधना नहर की पटरी पर बृहस्पतिवार तड़के पुलिस की लुटेरे से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल, बाइक तथा नकदी, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार उन्हें सूचना मिली कि कुछ दिन पूर्व गांव शोल्दा के पास हुई लूट की वारदात में शामिल बदमाश नहर पटरी के रास्ते बाइक पर राधना की ओर से शाहजहांपुर आ रहा है। पुलिस ने नहर पटरी पर चेकिंग शुरू की। इसी बीच बाइक सवार एक बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा तथा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की। इसमें पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फैजान उर्फ फौजी निवासी मिदीपाड़ा कस्बा गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ बताया। पूछताछ में बदमाश ने बताया कि कुछ दिन पूर्व शोल्दा के पास एक युवक से मारपीट कर की गई लूट में शामिल था। पुलिस ने बदमाश के पास से एक मोबाइल, बाइक, 540 रुपये, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।