मेरठ। आबूलेन पर दिनदहाडे़ बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने शिक्षिका से पर्स लूट लिया। लोगों ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकले। शिक्षिका की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
वेस्टर्न कचहरी स्थित नंदन गार्डन निवासी अक्षमा त्यागी पत्नी लोकेश त्यागी बेगमब्रिज रोड स्थित जीआईसी में शिक्षिका हैं। अक्षमा अपनी सहेली के साथ आबूलेन पर शापिंग करके ई-रिक्शा से घर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश पीछे से आए और उनसे पर्स लूट लिया। पर्स में पांच हजार रुपये और मोबाइल था। शिक्षिका के शोर मचाते ही भीड़ लग गई। बदमाश बाइक की स्पीड तेज कर वहां से भाग गए। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। यूपी 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। दोनों महिलाओं से जानकारी लेकर वहां से चली गई। उसके बाद शिक्षिका सदर बाजार थाने में पहुंचीं। शिक्षिका का आरोप है कि थाना पुलिस का रवैया ठीक नहीं है। इस वारदात की जानकारी लगते ही एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। एसओ ने शिक्षिका की शिकायत पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और तुरंत लुटेरों की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली गई। सीओ सदर कैंट संजीव देशवाल का कहना है कि लुटेरों की तलाश जारी है।