खरखौदा। खरखौदा बाईपास पर सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के सहायक प्रबंधक से गन प्वाइंट पर 11 हजार रुपये, मोबाइल एवं जरूरी कागजात से भरा बैग लूट लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। उधर, पुलिस ने पीड़ित के साथ कांबिंग की तथा कई जगह पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। हालांकि सफलता नहीं मिल सकी है। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
हापुड़ के मिथलेश विहार निवासी दीपक कुमार पुत्र वीरपाल सिंह मेरठ में आईसीआईसी फाइनेंस कंपनी में सहायक प्रबंधक के पद पर हैं। वह प्रतिदिन बाइक से ही कंपनी आते जाते हैं। सोमवार को भी वह बाइक पर सवार होकर आफिस से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खरखौदा बाईपास पर खासपुर अंडरपास के समीप पीछेे से तेजी से आए सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। दीपक कुछ समझ पाते तब तक बाइक सवार बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर उनसे 11 हजार रुपये, मोबाइल एवं कागजात से भरा बैग लूट लिया। बदमाश वारदात के बाद दीपक की बाइक की चाबी लेकर मेरठ की ओर को भाग गए। पीड़ित ने तुरंत राहगीर से मदद लेकर पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। इसके बाद थाना पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। इस पर पुलिस ने पीड़ित के साथ कांबिंग की। वहीं, पुलिस ने खरखौदा से मेरठ के बीच में कई जगहों पर लगे सीसीटीवीकैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस को इसमें सफलता नहीं मिली। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित की तहरीर पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।-संजीव देशवाल, कार्यवाहक सीओ किठौर