खरखौदा(मेरठ)। खरखौदा बैंक से 50 हजार की रकम लेकर बेटे के साथ ईट भट्ठे पर जमा करने जा रहे व्यक्ति को बाइक सवार बदमाशों ने धनतला-तलहैटा संपर्क मार्ग पर हथियारों के बल पर रोक लिया और रकम लूट ली। विरोध करने बदमाशों ने व्यक्ति को गोली मार दी। जिसे गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, खरखौदा थाना पुलिस घटना क्षेत्र अपना होने से इंकार कर रही है।
गांव धनतला निवासी रोहताश पुत्र फगना बेटे टीनू के साथ खरखौदा स्थित बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर लाया था। वह शाम को बेटे के साथ बाइक से ही मोदीनगर क्षेत्र के मानकी स्थित ईंट भट्ठे पर रकम जमा करने के लिए चल दिया। जैसे ही दोनों धनतला-तलहैटा संपर्क मार्ग पर चले तभी पीछे से आए बाइक सवार हथियारबंद दो बदमाशों ने बाइक को ओवरटेक कर तमंचे के बल पर रोक लिया। बदमाशों ने रोहताश से 50 हजार की नकदी लूट ली। रोहताश जब लूट का विरोध किया तो उस पर गोली चला दी। जिससे गोली रोहताश के पैर में लग गई। बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। टीनू ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने घायल को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जब पीड़ित खरखौदा थाने में जानकारी देने पहुंचे तो थाना पुलिस ने घटना क्षेत्र गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाने का बताया। वहीं इस मामले में सीओ किठौर देवेश सिंह ने बताया कि खरखौदा थाना क्षेत्र में कोई लूट की घटना नहीं हुई है।