फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज के दावे फेल, बसों के लिए मारामारी  

Thu, 01 Mar 2018 01:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
होली पर रोडवेज की ओर से चल रहा विशेष अभियान बुधवार को फेल होता नजर आया। भारी भीड़ के आगे बसें कम पड़ गईं। लोग बस स्टैंड पर बसों का घंटों इंतजार करते रहे। जो बस आई उसमें बैठने को लेकर मारामारी रही। यात्रियों ने दरवाजे की जगह खिड़की से अंदर घुसकर सीट पाने की कोशिश की। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। 
विज्ञापन

होली पर लोगों को उनके गंतव्य तक पहुुंचाने के लिए रोडवेज ने गत 26 फरवरी से लेकर 5 मार्च तक होली विशेष अभियान चला रखा है। अभियान के तहत जहां संचालन से जुड़े कर्मचारियों की छुट्टी प्रतिबंधित की गई है वहीं अभियान को सफल बनाने के लिए चालकों और परिचालकों के अलावा वर्कशाप कर्मियों को इंसेंटिव देने की घोषणा भी की गई थी। इसके चलते रोडवेज ने 26 फरवरी को ही बसों का बड़ा बेड़ा दिल्ली भेज दिया था। मंगलवार से लोकल भीड़ ने भी निकलना शुरू किया। बुधवार को भीड़ इस कदर बढ़ी कि शाम होते-होते रोडवेज के दावे फेल होते नजर आए। होली की पूर्व संध्या पर सोहराबगेट और भैसाली डिपो पर लोगों की भीड़ सुबह से ही नजर आई। शाम तक दिल्ली, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर, बड़ौत और शामली आदि रूटों पर जाने वालों की  भारी भीड़ रही। भीड़ के सापेक्ष बसें कम पड़ने पर लोगों को घंटो इंतजार करना पड़ा। 

कर्मचारियों ने भी दिया गच्चा 
होली अभियान के तहत छुट्टी प्रतिबंधित होने के बाद भी कर्मचारियों ने गच्चा दे दिया। इंसेंटिव का लालच भी विभाग के काम नहीं आया। संविदा चालकों और परिचालकों के अलावा नियमित कर्मियों ने भी बिना कारण बताए छुट्टी कर ली। स्टाफ की कमी के चलते पूरी बसें सड़क पर नहीं थी। 
विज्ञापन


जाम में फंसी रहीं बसें 
त्योहार के चलते दिल्ली रोड, बुलंदशहर बागपत रोड आदि पर लगने वाले जाम में भी बसें फंसने का दंश यात्रियों को झेलना पड़ा। रोडवेज बस जाम में फंसने से बस अड्डों पर देरी से पहुंची। यात्री बस अड्डों पर बसों का इंतजार करते रहे। गुस्साए लोगों ने हंगामा कर स्टेशन प्रभारी का घेराव किया। प्रभारी ने बताया कि बसें जाम में फंसी हैं। कुछ देर में आ जाएगी। हालांकि कई रूटों पर वर्कशाप से बस मंगाकर भेजी गई। 

क्या बोले अधिकारी  
होली अभियान के लिए पूरा बस बेड़ा लगाया गया है। बुधवार को लोकल भीड़ ज्यादा होने से रूटों पर भी जाम लगा। इसके चलते बसे जाम में फंस गईं। अड्डों पर बस देरी से आने पर कुछ लोगों को परेशानी हुई। वर्कशाप से बस मंगाकर लोगों को उनके गंतव्य के लिए भेजा गया। एसके बनर्जी, आरएम मेरठ रीजन 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें