गांधी बाग चौराहे पर तेज रफ्तार से आ रही रोडवेज बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया। हादसे में तीन महिलाएं समेत दस लोग घायल हो गए। एक महिला की हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बस कब्जे में ले ली है।
रविवार दोपहर मोदीपुरम से एक ऑटो बेगमपुल की ओर जा रहा था। जब ऑटो गांधी बाग चौराहे पर पहुंचा तो मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। सवारियां ऑटो के नीचे दब गईं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। लोगों ने घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले गई। पल्लवपुरम निवासी रोशन भाटिया के सिर में गंभीर चोट लगी थी।
नाजुक हालत देख उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पल्लवपुरम निवासी अक्षय शर्मा की पत्नी अवनी शर्मा, सार्थक अग्रवाल, मेजर सैनी को जिला अस्पताल ले जाया गया। कलश, नाहर, ओमप्रकाश, अशोक, रोशन और पल्लवी प्राइवेट अस्पताल चले गए। एसओ लालकुर्ती ने बताया कि इस संबंध में किसी भी घायल की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
बाइक सवार वृद्धा को ले गया गांव
रोशनपुर डोरली निवासी 75 वर्षीय फूलवती ने बताया वह मेरठ में एक व्यापारी के यहां दाल साफ करने का काम करती है। ऑटो से वह बेगमपुल आ रही थी। घायल होने पर उसका पड़ोसी मोनू बाइक से घर ले गया। बाद में बेटे और देवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
बेलगाम दौड़ रहीं रोडवेज बसें
रोडवेज बसें बेलगाम होकर सड़कों पर दौड़ रही हैं। पिछले कुछ दिनों में इस तरह के कई हादसे हो चुके हैं। पिछले माह एक रोडवेज ने बस में टक्कर मार दी थी, जिस पर रोडवेज डिपो पर जमकर हंगामा हुआ था। कुछ दिन पूर्व बेगमपुल क्षेत्र में रोडवेज ने कई वाहनों को टक्कर मारी थी। इसमें चार लोग घायल हो गए थे।