5.5 मीटर चौड़ी होगी सड़क, तीन किमी लंबी सड़क पर खर्च होंगे पांच करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। प्रदेश सरकार ने रोहटा रोड से रासना तक जर्जर हो चुकी सड़क के चौड़ीकरण और नव निर्माण कार्य की मंजूरी दे दी है। इसके बाद इस मार्ग पर पड़ने वाले कई गांवों को राहत मिलेगी। सड़क 5.5 किमी चौड़ी होगी। तीन किमी सड़क पर पांच करोड़ खर्च होंगे।
रालोद के वरिष्ठ नेता सुनील रोहटा ने बताया कि इस कार्य के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सड़क पाथौली, रामपुर, दुर्जनपुर, रासना सहित कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन को आसान और सुरक्षित बनाएगी। ग्रामीणों ने इस विकास कार्य को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, क्षेत्रीय सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस सड़क के बन जाने से किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने में काफी सुविधा होगी।
भलसोना पुल से फतेहपुर तक बनेगी नई सड़क
गंगनहर भलसोना पुल से ग्राम बाडम होते हुए फतेहपुर तक नई सड़क बनेगी। इस मार्ग की चौड़ाई भी 5.5 मीटर निर्धारित की गई है। सुनील रोहटा ने बताया कि इस परियोजना के लिए भी शासन द्वारा स्वीकृति दे दी गई है और जल्द ही इसके लिए भी धनराशि जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। यह मार्ग फतेहपुर, बाडम, और आसपास के गांवों के लोगों के आवागमन को सहज बनाएगा और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगा। इन दोनों सड़कों के निर्माण की स्वीकृति से क्षेत्र में खुशी की लहर है।