जल निगम ने सीवर लाइन के लिए खोदकर डाली सड़क का हाल
मेरठ। शहर में जल निगम सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई करा रहा है। लाइन डालने के बाद सड़कों को नहीं बनाया जा रहा। इस कारण मिट्टी फैलने और बारिश में कीचड़ के कारण वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। मैनहॉल के ढक्कन नहीं लगाए जा रहे। इस कारण हर समय हादसे का डर बना रहता है। लोग कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। बुधवार को अमर उजाला ने शहर के कुछ इलाकों का जायजा लिया तो लोगाें में जल निगम के प्रति आक्रोश दिखा।
केस 01
खैरनगर फव्वारा चौराहा से बुढ़ाना गेट तक जल निगम ने नवंबर, दिसंबर माह में सीवर लाइन डालने का काम किया था, लेकिन अभी तक सड़क नहीं बनाई। मंगलवार को हुई बारिश के सड़क पर फैली मिट्टी से फिसलन हो गई। इस कारण कई लोग गिरने से घायल हो गए।
केस 02
गढ़ रोड पर नंदन सिनेमा से गांधी आश्रम चौराहा तक सड़क खोदकर सीवर लाइन डाल दी गई है। करीब एक माह से मार्ग को वनवे किया हुआ है। जिसके कारण हर समय जाम लगा रहता है। लाइन डालने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। प्रतिदिन लोग परेशान हो रहे हैं।
केस 03
गांधी आश्रम चौराहा से नौचंदी की तरफ जाने वाले मार्ग पर तीन दिन से सड़क खोदाई चल रही है। इस कारण पूरा मार्ग बंद है। व्यापारियों का कारोबार भी चौपट हो गया है। जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण स्थिति और भी खराब हो गई है।
केस 04
निगम के वार्ड 72 के विकासपुरी क्षेत्र में जल निगम ने दो माह पहले सीवर लाइन डालने के लिए खोदाई की गई थी। अभी तक कार्य पूरा नहीं किया गया है। सीवर लाइन के मैनहॉल खुले पड़े हैं। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। सड़क पर फैली मिट्टी पर फिसलन के कारण लोग परेशान हैं।
-----------
थोड़ी समस्या तो होगी
सीवर लाइन काफी गहराई में डाली जाती है। काफी समय तक मिट्टी बैठती है। इसलिए कुछ दिन के लिए ऐसे ही छोड़ना पड़ता है। उसके बाद ही सड़क बनाई जाती है। सीवर लाइन डालते समय जनता को कुछ समस्याएं तो आती हैं। -रमेश चंद्रा, परियोजना प्रबंधक जल निगम।