होली के पर्व पर कंकरखेड़ा और परतापुर में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। परिवारों में पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहने थे। सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। अगर हेलमेट होते तो जान बच सकती थी।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर निवासी घोलू (22) पुत्र तिलकराम कारपेंटर का काम करता था। शनिवार रात 12 बजे युवक अपना काम खत्म कर साथी के साथ बाइक से घर जा रहा था। दायमपुल के पास युवक की बाइक सड़क पर फिसलकर डिवाइडर से टकरा गई। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर पहुंची कंकरखेड़ा पुलिस ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने घोलू को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। घायल पवन की हालत भी गंभीर है। मोर्चरी पर परिवार के लोगों का रोरोकर बुरा हाल था। घोलू दो भाईयों में बड़ा था, जिसक ी शादी नहीं हुई थी। परिवार के लोगों ने बताया कि उन्होंने सोचा भी नहीं था कि होली के त्यौहार पर उन्हें यह दिन भी देखना पड़ेगा। बिहार के गोपालगंज जिले के बैकंडपुर थाना क्षेत्र के छपरा शिवांग निवासी रविंद्र यादव (28) पुत्र मंगली यादव परतापुर क्षेत्र में अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ किराए पर रहता था। शनिवार रात करीब दस बजे युवक फैक्ट्री से काम करके बाइक से घर जा रहा था। गगोल रोड पर हवाई पट्टी के पास रविंद्र की बाइक सामने से आ रही बाइक से भिड़ गई। दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट लग गई। परतापुर इंस्पेक्टर सुशील दूबे ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार सुबह उपचार के दौरान रविंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि दूसरे घायल की हालत भी गंभीर है।
हेलमेट होता तो बच सकती थीं जान
पुलिस ने बताया कि अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। यदि हेलमेट होता तो शायद दोनों की जान बच सकती थी। दोनों के सिर में चोट लगने से मौत होना बताया है।