कोतवाली नगीना क्षेत्र के गांव शेखपुरा तुर्क निवासी प्रवेंद्र 22 वर्ष पुत्र धर्मवीर सिंह अपनी मां आदेश देवी को बाइक से लेकर रक्षाबंधन पर अपनी रिश्तेदारी में थाना हल्दौर क्षेत्र के गांव फडियापुर जा रहा था। जैसे ही वह कोतवाली-नहटौर मार्ग पर थाना नहटौर की सीमा के पास स्थित गांव फुलसंदा के पास पहुंचे तो उसकी बाइक कार से टकरा गई। दुर्घटना के दौरान बाइक, कार में फंसकर करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई और एक गड्ढे में जा पलटी। हादसे में बाइक सवार प्रवेंद्र व उसकी मां आदेश देवी तथा कार में सवार थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव नरैनी निवासी फातमा (50) पत्नी शफीक की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार शफीक, उसी के गांव की खतीजा व उसका पति अयूब घायल हो गए।
सूचना पर थाना कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल नहटौर क्षेत्र में होने व नहटौर पुलिस मौके पर न आने के बावजूद भी तत्परता दिखाते हुए तीनों मृतक व घायल शफीक, खतीजा व अयूब को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से खतीजा व उसके पति अय्यूब की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार चालक नसीम गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना के करीब एक घंटे बाद नहटौर पुलिस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली पहुंची। घटना नहटौर क्षेत्र में होने के कारण नहटौर पुलिस ने फातमा, आदेश देवी व परविंदर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/