शिवरात्रि पर अनुष्ठान, गूंजेंगे घंटे और घड़ियाल
मेरठ। कोरोना महामारी के चलते शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं का मंदिरों में प्रवेश वर्जित रहेगा। मंदिरों के पुजारी और समितियां विधि विधान से पूजा संपूर्ण कराएंगी। बाबा औघड़नाथ समेत शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं का प्रवेश रोकने के लिए पुलिस तैनात है। शहर के दस प्रमुख शिवालयों में शुद्धिकरण के बाद भगवान का शृंगार, रुद्राभिषेक और आरती होगी। वहीं, क्लोज डोर कॉलोनियों में मंदिर समिति और हाउंसिंग वेलफेयर सोसायटी द्वारा पूजन किया जाएगा।
बाबा औघड़नाथ मंदिर में होगी चार पहर की पूजा
बाबा औघड़नाथ मंदिर में प्रमुख पुजारी पंडित श्रीधर त्रिपाठी द्वारा पूजन आदि अनुष्ठान होंगे। समिति के महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि मंदिर में पहली पूजा रविवार सुबह 5:00 बजे होगी। इसके बाद कपाट पूरे दिन खुले रहेंगे। शिवरात्रि पर रात्रिकालीन पूजा का बड़ा महत्व है। शाम की विशेष पूजा 7:00 बजे आरंभ होगी। इसके बाद रात्रि 11:00 बजे, रात्रि 1:00 बजे और सोमवार सुबह 4:00 बजे विशेष आरती होगी। हालांकि श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
विल्वेश्वरनाथ मंदिर में होंगे रुद्राभिषेक
सदर स्थित विल्वेश्वरनाथ मंदिर में रविवार सुबह 4:00 बजे से पूजन आदि अनुष्ठान आरंभ हो जाएंगे। पंडित हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि शुद्धिकरण के बाद भगवान का शृंगार पुष्प और चंदन आदि से किया जाएगा। जगन्नाथ यात्रा समिति से पदाधिकारियों की मंदिर में पूजन आदि को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर में बैठक हुई। प्रमुख सेवादार पवन गर्ग और गणेश अग्रवाल ने बताया कि मंदिर के बाहर जल अर्पित करने के लिए पात्र रखा है। जल सीधा शिवलिंग तक पहुंच जाएगा।
शहर के प्रमुख मंदिरों में होंगे अनुष्ठान
सूरजकुंड स्थित शिव शक्ति मंदिर में पंडित पंकज ठाकुर द्वारा भगवान का शृंगार और अभिषेक कराया जाएगा। 11 ब्राह्मण मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अर्चन करेंगे। कल्याणनगर स्थित कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक होगा। उधर, गायत्री शक्तिपीठ से जुड़े प्रियांक सिंघल ने बताया कि मंदिर में यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। लेखानगर स्थित शिवमंदिर में पंडित राजेश पांडेय सुबह-शाम की विशेष पूजा करेंगे। दिल्ली रोड स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में पं. भास्कर मिश्र पूजा कराएंगे। रुद्राभिषेक में मुख्य यजमान संजय बिंदल रहेंगे। लालकुर्ती रामा संकीर्तन मंदिर के प्रबंधक सुरेश चंद्र छाबड़ा ने बताया कि पंडित प्रभुदत्त शर्मा सुबह 5:00 से 10:00 बजे तक रुद्राभिषेक करेंगे। गढ़ रोड स्थित राजराजेश्वरी शिव मंदिर में ब्रह्मचारी राधिकानंद जी द्वारा सभी अनुष्ठान संपूर्ण कराए जाएंगे। मंदिर के प्रमुख आनंद प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि शाम 4:00 बजे विशेष रुद्राभिषेक होगा। गढ़ रोड जादूगर के बाग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पुजारी अरविंद भट्ट द्वारा अनुष्ठान कराए जाएंगे। मंदिर समिति से जुड़े अनिल शर्मा ने बताया कि इस बार बड़ा आयोजन नहीं होगा।