बेंगलुरू में चल रही 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन
रितिका और अनुभव ने 100 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण
- शॉटपुट में आयुष और दीपिका ने दिखाया दम
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बेंगलुरु में चल रही 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेरठ के पैरा खिलाड़ियों ने मंगलवार को तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता। रितिका, और अनुभव ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। आयुष ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दीपिका ने शॉटपुट में कांस्य पदक प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में मेरठ से प्रीतिपाल, फातिमा खातून, आयुष वर्मा, अनमोल, प्रियांश, रिया सिंह, अनुभव, रितिका पाल, दीपिका रानी प्रतिभाग कर रहे हैं। मंगलवार को महिला 100 मीटर दौड़ टी-64 वर्ग में मेरठ की रितिका ने 16.19 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रितिका ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और उत्तर प्रदेश को गोल्ड दिलाया। पुरुष 100 मीटर दौड़ टी-35 वर्ग में अनुभव चौधरी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 12.91 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष शॉटपुट एफ-53 वर्ग में आयुष वर्मा ने 8.39 मीटर का बेहतरीन थ्रो कर स्वर्ण पदक हासिल किया। शॉटपुट एफ-33 वर्ग में मेरठ की दीपिका रानी ने 4.73 मीटर का थ्रो कर रजत पदक जीता। दीपिका ने अपने तीसरे प्रयास में यह दूरी तय कर सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। इसके अलावा पुरुष शॉटपुट एफ-57 वर्ग में प्रियांश ने 12.49 मीटर के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव, जिला पैरा संघ के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, एथलेटिक्स कोच गौरव त्यागी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
आज रिया और फातिमा पर रहेंगी नजर
प्रतियोगिता में आज बुधवार को शॉटपुट में रिया, लंबी कूद में रितिका, डिस्कस थ्रो में फातिमा खातून प्रतिभाग करेंगी। इन सभी खिलाड़ियों से सभी को पदक की उम्मीद है। मेरठ से सभी पैरा खिलाड़ियों की नजर इसके बाद पैरा एशियाई खेल के ट्रायल पर है। खिलाड़ी ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन कर पैरा एशियाई खेल में अपनी जगह बनाना चाहेंगे।