- ऑल इंडिया विवेक पांडे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में खेले गए मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर मंगलवार को 15वें विवेक पांडे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया। पहले दिन सब जूनियर वर्ग और जूनियर वर्ग के मुकाबले खेले गए। इसमें ऋषभ क्रिकेट एकेडमी, मेरठ इलेवन और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ड्रैगन ने जीत दर्ज की।
सब जूनियर वर्ग में खेले गए पहले मुकाबले में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी जूनियर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। उनकी ओर से निखिल ने 60 रन, अब्दुल रहमान ने 40 रन और जपाश ने 40 रन का योगदान दिया। गुरु तेग बहादुर स्कूल जूनियर क्रिकेट एकेडमी की ओर से सुहेल, प्रत्यक्ष और श्रेयांश ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरु तेग बहादुर स्कूल जूनियर क्रिकेट एकेडमी की टीम 19.5 ओवर में 190 रन पर ऑल आउट हो गई। उनकी ओर से श्रेयांश ने 42 रन, अल कैफ ने 40 रन और फरहान ने 40 रन का योगदान दिया। ऋषभ क्रिकेट एकेडमी की ओर से मीत ने चार विकेट लिए। प्रिंस ने भी चार विकेट झटके जबकि वंश ने दो विकेट लिए।
दूसरा मुकाबला जूनियर वर्ग में खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स स्टार के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 20 ओवर में 195 रन बनाए। उनकी ओर से कबीर ने 41 रन, जय ने 39 रन, वंश ने 38 रन और हरमन ने 37 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में युग ने तीन, अनिक, आरिश और संचित ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ इलेवन की टीम ने 18.5 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाकर जीत दर्ज की। उनकी ओर से कबीर जैन ने 59 रन और आरिश व ओम ने 40-40 रन का योगदान दिया। स्पोर्ट्स स्टार की ओर से हरमन, कबीर और गोल्डन ने दो-दो विकेट लिए।
तीसरे मुकाबले में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ड्रैगन के कप्तान ने टॉस जीत पर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। ऋषभ क्रिकेट एकेडमी चैंपियन की टीम 17.3 ओवर में 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उनकी ओर से लक्ष्य ने 42 रन, वंशिका ने 40 रन, और लक्ष्य ने 40 रन बनाए। ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ड्रैगन की ओर से अर्जुन ने सबसे अधिक चार विकेट लिए जबकि फवाज ने तीन और तनिष्क ने भी तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ड्रैगन की टीम ने 15.3 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाकर जीत दर्ज की। उनकी ओर से राघव ने 44 रन और भाविक ने 47 रन की पारी खेली। ऋषभ चैंपियन की ओर से लक्ष्य ने तीन विकेट लिए। मैच के दौरान एकेडमी पर ही श्रेयांश का जन्मदिन भी मनाया गया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन राजा, नीरज, हिमांशु, खुशबू, रजनी और कमल ने सभी टीमों से परिचय प्राप्त कर किया। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि बुधवार को भी तीन मैच खेले जाएंगे।