मेरठ। भारतीय किसान यूनियन इंडिया की ओर से सदर तहसील में धरना दिया जा रहा है। गांव पांचली में सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे के विरोध में यह धरना जारी है। बुधवार को भाकियू इंडिया के पदाधिकारियों ने सदर तहसील में धरनास्थल के पास फैली गंदगी पर नाराजगी जताई। तहसील के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। वहीं, संगठन की ओर से 27 नवंबर को तहसील में होने वाली महापंचायत की तैयारी की गई।
संगठन के मुख्य प्रवक्ता संजीव राणा ने बताया कि बुधवार को धरना स्थल पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय धामा, राजीव प्रधान, आर्य समाज संगठन के मुख्य प्रवक्ता कुंवरपाल शास्त्री ने धरने को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से होने वाली पंचायत में काफी संख्या में लोग पहुंचेंगे।
जिलाध्यक्ष दीपक राणा ने बताया कि बुधवार को हापुड़ रोड, गढ़ रोड, बागपत रोड सहित अन्य जगहों पर महापंचायत के लिए जनसंपर्क किया गया। इस मौके पर संगठन मंत्री अनिल प्रधान, मोहित बैसला, मुमताज आलम, आनंद विकल आदि मौजूद रहे।