गांव पांचली खुर्द में बृहस्पतिवार शाम गांव के निवासी इनामी बदमाश रिंकू गुर्जर की पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। अगर ग्रामीण पहले से सजग न होते तो रिंकू गुर्जर गांव में आधा दर्जन व्यक्तियों की हत्या करने की फिराक में था।
दीवार पर गोलियों के निशान।
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीणों के अनुसार रिंकू गुर्जर तीन दिनों से गांव पांचली खुर्द में अपने दुश्मनों की जान लेने के लिये हथियार लेकर घूम रहा था। मंगलवार को रिंकू गुर्जर कई ग्रामीणों को शाम के समय मिला था। उसने गांव के ही निवासी अपने एक दुश्मन राहुल पुत्र कृपाल सिंह को कॉल कर जान से मारने की धमकी दी थी। रिंकू अपना सब से बड़ा दुश्मन गांव पांचली खुर्द में राहुल को मानता था। इसके बाद से राहुल सर्तक हो गया था।
गांव में जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को भी गांव में आने वाले रास्तों पर रिंकू ग्रामीणों को दिखाई दिया था। उसने ग्रामीणों से कहा था कि अब गांव में रिंकू का राज चलेगा। वह अपने सब विरोधियों को मार डालेगा। बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे रिंकू गांव पांचली खुर्द निवासी अपने एक अन्य विरोधी पवन की दुकान पर एक युवक के साथ बाइक से पहुंचा था। पवन की दुकान गांव में मेरठ बागपत मार्ग पर रोड़ी डस्ट की है। पवन गांव में रिंकू की मौजूदगी की जानकारी पर दुकान पर नहीं बैठ रहा था।
दुकान पर न मिलने पर रिंकू ने दुकान पर मौजूद नौकर से कहा कि कह देना कि रिंकू से कब तक पवन बचेगा। इसके बाद रिंकू वहां से चला गया। बताया गया है कि इसके बाद रिंकू राहुल की तलाश में विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज पांचली खुर्द में पहुंचा। विश्वकर्मा में राहुल काम करता है। लेकिन वहां वह नहीं मिला। वहीं विश्वकर्मा में काम करने वाले अन्य व्यक्तियों ने रिंकू के आने की जानकारी राहुल को कॉल कर दे दी।
इसके बाद रिंकू गांव पांचली खुर्द राहुल के घर शाम सात बजे बाइक से पहुंचा। बाइक रिंकू चला रहा था। पीछे एक अन्य युवक भी बाइक पर बैठा हुआ था। राहुल के घर पहुंचते ही रिंकू के पीछे बाइक पर बैठे युवक ने राहुल के परिजनों पर गोली चलानी शुरू कर दी। एक गोली राहुल के छोटे भाई आजाद उर्फ गुल्लू के पैर में लग गई। इसी बीच राहुल के शोर मचाने पर आये ग्रामीणों ने रिंकू और उसके साथी युवक को घेर लिया।
इस दौरान रिंकू भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल रिंकू ग्रामीणों से बचने के लिये पास ही स्थित चमन के घेर में घुस गया। वहां भी पीछा कर रहे ग्रामीणों पर रिंकू गोली चलाता रहा। इस दौरान सिर में गोली लगने से रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिंकू का साथी युवक भोपाल सिंह के घर में घुस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
खौफ दिखाकर रंगदारी भी वसूल रहा था रिंकू
गांव पांचली खुर्द में रिंकू ग्रामीणों से रंगदारी मांग रहा था। बृहस्पतिवार शाम मौत से दो घंटे पहले रिंकू गांव के मेन बाजार में महेन्द्र की कपड़े की दुकान पर बाइक से पहुंचा था। रिंकू ने मास्क लगा रखा था। दुकान पर मौजूद महेन्द्र से रिंकू ने तीन लेडीज सूट और दो पैंट शर्ट ली। महेन्द्र ने पैसे मांगे तो रिंकू ने मास्क चेहरे से हटाते हुए कहा कि रिंकू से पैसे लेगा, ला दस हजार रुपये और दे खर्चे के। इसके बाद गल्ले में मौजूद सात आठ हजार रुपये निकालकर रिंकू वहां से चला गया। रिंकू की मौत के बाद महेन्द्र ने घटना के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी।