सरधना। गांव नवाबगढ़ी में कार्रवाई की मांग करते रिहान के परिजन। संवाद
– चार महीने बाद भी मासूम का सुराग नहीं, तांत्रिक असद पर सख्ती की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गांव नवाबगढ़ी में तंत्र विद्या के नाम पर की गई दो मासूमों की हत्या की वारदात में अब भी एक बच्चे का शव बरामद नहीं हो सका है। 11 वर्षीय रिहान की गुमशुदगी को चार माह से अधिक समय बीत चुका है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी तांत्रिक असद को दोबारा रिमांड पर पूछताछ की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।
गांव नवाबगढ़ी निवासी तांत्रिक असद ने कथित तांत्रिक क्रिया के तहत 11 वर्षीय रिहान और 14 वर्षीय उवैस की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने उवैस का शव जंगल से बरामद किया था, जबकि रिहान का अब तक कोई सुराग नहीं लगा। पूछताछ में आरोपी असद ने दावा किया था कि उसने रिहान का शव जंगल में दबाया था।
रिहान के पिता इमरान ने बताया कि जब वह पुलिस से मिले तो उन्हें कहा गया कि उनके पास कोई जादू की छड़ी नहीं है जो शव ढूंढ लेंगे, जब मिलेगा तब बता देंगे। पुलिस की इस लचर कार्यप्रणाली से आहत दादी हसीना और मां फरहाना ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर रिहान का शव बरामद नहीं हुआ तो वह थाने में आत्मदाह करेंगे।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस पूछताछ में असद ने यही कहा है कि शव जंगल में ही दबा है। पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि जंगल में एक बार फिर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
सरधना। गांव नवाबगढ़ी में कार्रवाई की मांग करते रिहान के परिजन। संवाद