संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला मुन्नालाल निवासी गौरव द्वारा चार बाइक सवारों पर फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने गौरव और उसके दो साथियों पर फायरिंग और बाइक सवारों पर पथराव करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी गौरव ने रविवार को दी तहरीर में बाइक सवार युवकों पर उसकी कार में टक्कर मारने और विरोध करने पर घर पर आकर फायरिंग करने का आरोप लगाया था। इस मामले में दरोगा मनोज कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मोहल्ला मुन्नालाल निवासी गौरव, सौरभ व रितिक पर गौरव की गाड़ी में बाइक की टक्कर मार दी। इसके बाद चार बाइकों पर 9-10 युवक गौरव के घर आए, जिन्होंने हाथों में लिए ईंट-पत्थरों से गौरव के घर पर हमला किया।
इसके बाद गौरव, भाई सौरभ व पड़ोसी रितिक अपने घरों से हथियार निकालकर लाए और अंधाधुंध फायरिंग की। इससे काॅलोनी के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग होने पर पथराव करने आए युवक अपनी एक बाइक छोड़कर मौके से भाग गए। काफी मात्रा में मौके पर पत्थर और खोखा कारतूस बिखरे पड़े थे। पुलिस दोनों पक्षों से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में लगी है।