सीमेंट व्यापारी की हालत नाजुक, खुलासे को लगी एसटीएफ
बड़ौत (बागपत)। लूटपाट के दौरान बदमाशों की गोली से घायल हुए सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रेय की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका मेरठ में एक निजी नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है। बड़ौत पुलिस ने इस मामले में तीस से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने नगर के विभिन्न मार्गों और बिनौली रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। पुलिस कई क्लिप की जांच में कर रही है। स्थानीय पुलिस की मदद के लिए एसटीएफ की एक टीम भी बड़ौत पहुंच गई है। आईजी मेरठ ने भी बड़ौत पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
व्यापारी प्रदीप आत्रेय का मेरठ के सुशीला जसंवत राय अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुक्रवार रात आईजी प्रवीण कुमार और एसपी अभिषेक सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। रातभर दोनों अधिकारी बड़ौत में ही कैंप किए रहे। शनिवार को डीएम शकुंतला गौतम भी बड़ौत पहुंची। बिनौली रोड पर आत्रेय ट्रेडर्स के मालिक और सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रेय शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे प्रतिष्ठान पर अकेले बैठे हुए थे। बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। दोनों ने पहले सीमेंट का रेट पूछा और इसके बाद तमंचा निकाल लिया। बदमाशों ने दुकान पर रखे करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे। व्यापारी ने वारदात का विरोध किया और बदमाशों से भिड़ गए थे। इस बीच बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। घायल व्यापारी के भाई राजेंद्र आत्रेय ने बताया कि करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट की गई है।
गोदाम में किया संघर्ष, पीछा कर दबोच लिया था बदमाश
बड़ौत। पुलिस की टीमों ने सीमेंट व्यापारी के गोदाम और घटनास्थल के आसपास जांच की। गोदाम के अंदर का हाल देखने से साफ हो गया कि प्रदीप आत्रेय ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। काउंटर पर खून लगा मिला है। इसके अलावा व्यापारी की एक चप्पल दुकान में मिली और दूसरी सड़क पर। गोदाम में बदमाशों ने तमंचे की बट से व्यापारी पर हमला किया। किसी तरह से उनसे छूटकर बदमाश सड़क की तरफ भागे तो व्यापारी ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया और एक बदमाश को सड़क पर दबोच लिया। लेकिन वह अकेले पड़ गए और बदमाश ने उन्हें गोली मार दी।
हर पहलू पर जांच पड़ताल कर रही पुलिस
बड़ौत। एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस प्रकरण के हर पहलू पर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग जांच में जुटी हैं। वारदात का जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा।
एसटीएफ मेरठ ने डेरा डाला, अब तक खाली हाथ
बड़ौत। सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रेय पर हुए जानलेवा हमले के मामले में एसटीएफ मेरठ की टीम ने बड़ौत में डेरा डाल लिया है। देर रात तक पुलिस की जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। व्यापारियों के बीच आक्रोश बना हुआ है। बागपत क्राइम ब्रांच की टीम ने भी जगह-जगह दबिश दी।
पहले की रैकी, फिर दिया वारदात को अंजाम
बड़ौत। सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रेय के साथ लूट की वारदात अंजाम देने से पहले रैकी की गई थी। जैसे ही व्यापारी दुकान में अकेले हुए तो बदमाश पहुंच गए और वारदात को अंजाम दिया।