बिना अनुमति के किए गए निर्माण को हटवाती की राजस्व विभाग की टीम स्रोत राजस्व विभाग
हस्तिनापुर। कस्बे के मुख्य मार्ग पर कर्ण घाट के समीप स्थित चल रहे निर्माण कार्य को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया और निर्माणकर्ता को बिना अनुमति के निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी।
ऐतिहासिक नगरी में स्थित कर्ण घाट मंदिर के समीप बूढ़ी गंगा नदी किनारे पर मंगलवार को बिना अनुमति के अवैध रूप से निर्माण कार्य चल रहा था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तहसीलदार मवाना निरंकार को दी। इसके बाद तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची तथा निर्माण कार्य रुकवा दिया। तहसीलदार निरंकार सिंह का कहना है कि बूढ़ी गंगा के जीर्णोद्धार को लेकर एनजीटी में मामला विचाराधीन है। इसे लेकर एनजीटी सख्त है। उक्त भूमि चकबंदी सीएच 41 व 45 के दस्तावेजों में बूढ़ी गंगा की जमीन है। इस पर कई बार पहले भी निर्माण कार्य रुकवाया गया है। परंतु निर्माणकर्ता द्वारा कार्य रुकवा दिए जाने के पश्चात बार-बार निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसे मंगलवार को मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया गया तथा निर्माण सामग्री भी हटा दी गई है। बिना अनुमति इस स्थान पर निर्माण करने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।