संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। गंगानगर के गंगाधाम निवासी सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी की पत्नी ने एक दबंग पर अपने पति के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है। महिला ने इसकी शिकायत एसएसपी अविनाश पांडेय से की है। महिला का आरोप है कि दबंग के दबाव में पुलिस ने इसी झूठे मुकदमे को आधार बनाकर उसके पति को गैंगस्टर में जेल भेज दिया। अब वही दबंग सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपने फोटो वायरल करके उसके परिवार को धमकी दे रहा है। एसएसपी ने सीओ सदर देहात को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए है।
गंगाधाम कॉलोनी की रहने वाली बबीता शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। एसएसपी अविनाश पांडेय से मिलकर बबीता ने बताया कि उनके पति मैनपाल सिंह सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार है। वहीं, महिला का बेटा भी फौज में ही है। महिला ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में रहने वाला एक दबंग खुद को सोसायटी का पदाधिकारी बताकर लोगों से अवैध वसूली करता था। एक साल पहले पानी की निकासी को लेकर महिला के परिवार का दबंग से विवाद हो गया। कुछ समय बाद महिला के भतीजे और दबंग के बीच मारपीट हो गई। इस मामले में आरोप है कि दबंग ने महिला के भतीजे सहित कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें मैनपाल सिंह को भी नामजद कर दिया। जबकि मैनपाल घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे। जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। आरोप लगाया कि 13 अप्रैल को गंगानगर थाना पुलिस मैनपाल सिंह को घर से उठाकर ले गई और पुराने मुकदमे को आधार बनाते हुए गैंगस्टर के मामले में चालान करके जेल भेज दिया। एसएसपी अविनाश पांडे ने सीओ सदर देहात को एक हफ्ते में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।