संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। नगर पंचायत सभागार में मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार के स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 157 घंटे के नॉनस्टॉप विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुरुषोत्तम समिति के सदस्यों ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। लोगों ने अपने आसपास साफ-सफाई रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कस्बे के सभी वार्डों में एक दिन, एक घंटा और एक साथ मिलकर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ कस्बा बनाने के लिए केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझकर इसमें सहयोग करना होगा। अभियान के दौरान लोगों ने सफाई के प्रति जागरूक रहने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालने की अपील की। इस दौरान वार्ड सभासद शाहिद इस्लाम, गुड्डू, अंकित, मनोज, अध्यक्ष प्रतिनिधि शकील कुरैशी और ब्रांड एंबेसडर सुशील कुमार गुप्ता ने नागरिकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि नियमित श्रमदान और सामूहिक प्रयास से कस्बे को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में शुभम, अमित, कृष्णा सैनी, आबाद कुरैशी, मोहम्मद रफी, बिलाल, मोहम्मद शोएब, नरेश, विकास, राजेंद्र, मनोहर, फारूक आदि मौजूद रहे।